More
    Homeदेशपीएम मोदी आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर, आसियान शिखर सम्मेलन...

    पीएम मोदी आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर, आसियान शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

    Published on

    spot_img
    नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सोमवार से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर रहेंगे। वे मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।

    भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ में आसियान की अहम भूमिका है। शिखर सम्मेलनों के दौरान दोनों पक्ष व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही व्यापार, समुद्री सुरक्षा, संपर्क और क्षेत्रीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।

    2026 समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे भारत-आसियान

    विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे।

    सम्मेलन में आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के क्रियान्वयन की भी समीक्षा होगी। इसके तहत भविष्य के सहयोग की प्राथमिकताओं और नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

    राष्ट्रपति मार्कोस देंगे रात्रिभोज, कई नेताओं से मुलाकात

    मनीला पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। अगले दिन दोनों शिखर सम्मेलन होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इनमें आपसी संबंधों, व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और साझा हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

    122 अरब डॉलर का है भारत-आसियान व्यापार

    भारत और आसियान के बीच आर्थिक रिश्तों का महत्व व्यापार के आंकड़ों से भी जाहिर होता है। रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, आसियान क्षेत्र के साथ भारत का सालाना व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर है। उन्होंने कहा कि हिंद महासागर से जुड़े देश के रूप में भारत के लिए दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ मजबूत रणनीतिक संबंध जरूरी हैं। इससे क्षेत्रीय चुनौतियों का सामना करने और एशिया में शांति एवं स्थिरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

    ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ है सम्मेलन की थीम

    इस वर्ष आसियान शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ यानी भविष्य की राह तय करना है। आसियान के नेतृत्व में होने वाले पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इस वर्ष फिलीपींस इसकी अध्यक्षता कर रहा है।

    सम्मेलन में बदलते भू-राजनीतिक हालात, सुरक्षा चुनौतियों और क्षेत्रीय सहयोग पर नेताओं के बीच विचार-विमर्श होगा। भारत की कोशिश आसियान देशों के साथ साझेदारी को नई गति देने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता के साझा प्रयासों को आगे बढ़ाने की होगी।

    Latest articles

    हरदा के स्कूल में घुसकर शिक्षकों से मारपीट, स्पोर्ट्स टीचर को जड़ा थप्पड़

    आठवीं के छात्र के पिता और बड़े भाई पर अभद्रता व धमकी देने के...

    मध्यप्रदेश में पहली बार सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन

    गोपालगंज सब स्टेशन और पेंच हाइडल पावर हाउस के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल सफल,...

    भोपाल मास्टर प्लान पर पहले दिन घमासान, बायपास को लेकर पूर्व IAS-विधायक आमने-सामने

    भोपाल। भोपाल के मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई के पहले ही...

    नेहा पच्चीसिया को हाईकोर्ट से झटका, एफआईआर रद्द करने से इनकार

    कटनी हत्याकांड की जांच के दौरान जमीन की रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने का...

    More like this

    हरदा के स्कूल में घुसकर शिक्षकों से मारपीट, स्पोर्ट्स टीचर को जड़ा थप्पड़

    आठवीं के छात्र के पिता और बड़े भाई पर अभद्रता व धमकी देने के...

    मध्यप्रदेश में पहली बार सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन

    गोपालगंज सब स्टेशन और पेंच हाइडल पावर हाउस के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल सफल,...

    भोपाल मास्टर प्लान पर पहले दिन घमासान, बायपास को लेकर पूर्व IAS-विधायक आमने-सामने

    भोपाल। भोपाल के मास्टर प्लान-2047 के ड्राफ्ट पर दावे-आपत्तियों की सुनवाई के पहले ही...