गोपालगंज सब स्टेशन और पेंच हाइडल पावर हाउस के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल सफल, ग्रिड ठप होने पर बिजली बहाली की क्षमता का हुआ परीक्षण
भोपाल। मध्यप्रदेश ने विद्युत पारेषण के क्षेत्र में एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी एक्स्ट्रा हाई टेंशन (EHT) सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट को नेशनल ग्रिड की फ्रीक्वेंसी के अनुरूप सिंक्रोनाइज किया गया। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने 132 केवी गोपालगंज सब स्टेशन (सिवनी) और पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 के बीच ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल के दौरान यह सफल प्रयोग किया।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि को प्रदेश की बिजली व्यवस्था की आपातकालीन तैयारियों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। उनके अनुसार, यह प्रयोग न केवल मध्यप्रदेश, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपनी तरह की पहली तकनीकी उपलब्धि है।
सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट तक पहुंचाई बिजली
एमपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता राजेश गुप्ता के मुताबिक, सामान्यत: ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल में जनरेटर की ओर से विद्युत प्रणाली को सिंक्रोनाइज कर सब स्टेशन में बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है। लेकिन इस बार एमपी ट्रांसको ने इस प्रक्रिया को उलटते हुए सब स्टेशन से जनरेटिंग यूनिट को सिंक्रोनाइज करने का प्रयोग किया।
इसके लिए सबसे पहले पेंच हाइडल पावर हाउस की यूनिट-2 को आइलैंडिंग मोड में रखा गया। इसके बाद निर्धारित कार्ययोजना के तहत गोपालगंज सब स्टेशन की बे कंट्रोल यूनिट के इंटरनल फीचर का इस्तेमाल कर जनरेटिंग यूनिट की बस तक बिजली पहुंचाई गई। इस प्रक्रिया के बाद यूनिट का सिंक्रोनाइजेशन किया गया। इससे सब स्टेशन के स्तर से बिजली उपलब्ध कराने और जनरेटिंग यूनिट को ग्रिड की फ्रीक्वेंसी के अनुरूप जोड़ने की क्षमता का सफल प्रदर्शन हुआ।
ग्रिड ठप होने पर बिजली बहाली की तैयारी
ब्लैक स्टार्ट मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह जांचना होता है कि यदि किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से पूरा बिजली ग्रिड ठप हो जाए तो बाहरी विद्युत आपूर्ति के बिना पावर हाउस को दोबारा कैसे शुरू किया जा सकता है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है।
इस अभ्यास में ग्रिड आइलैंडिंग, सिंक्रोनाइजेशन के साथ वोल्टेज और फ्रीक्वेंसी नियंत्रण की तकनीकी प्रक्रियाओं को परखा गया। इससे आपातकालीन स्थिति में बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से दोबारा शुरू करने की तैयारियों का आकलन किया गया।
तीन फीडरों पर एक घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित
मॉकड्रिल के दौरान 33 केवी के तीन फीडरों पर करीब एक घंटे तक अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस अवधि में सिस्टम रिस्टोरेशन के विभिन्न चरणों का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया गया।
पूरे अभ्यास के दौरान स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर, मैदानी अमले और संबंधित कंट्रोल रूम के बीच लगातार समन्वय बना रहा। निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की गई।


