आठवीं के छात्र के पिता और बड़े भाई पर अभद्रता व धमकी देने के आरोप, CCTV में कैद हुई घटना; पुलिस ने दर्ज की FIR
हरदा। शहर के सनफ्लॉवर हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब आठवीं कक्षा के एक छात्र के पिता और बड़े भाई ने स्कूल परिसर में घुसकर शिक्षकों के साथ मारपीट और अभद्रता की। आरोप है कि छात्र के बड़े भाई ने स्पोर्ट्स टीचर विवेक प्रजापति को थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य शिक्षकों के साथ भी आरोपियों ने झूमाझटकी की। महिला शिक्षिकाओं को धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना से नाराज स्कूल के शिक्षक और अन्य स्टाफ सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सीढ़ियों से गिरकर घायल हुआ था छात्र, टीचर पर लगाया मारपीट का आरोप
स्कूल की प्रिंसिपल भुवनेश्वरी पांडे के मुताबिक, सोमवार को आठवीं कक्षा के एक छात्र को सीढ़ियों से गिरने के कारण चोट लग गई थी। इसके बाद छात्र ने अपने पिता यूनुस और बड़े भाई रईस को स्कूल बुलाया। छात्र ने स्पोर्ट्स टीचर विवेक प्रजापति पर मारपीट कर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया।
इसी मामले को लेकर स्कूल में बातचीत चल रही थी। इसी दौरान छात्र के पिता और बड़े भाई ने विवाद शुरू कर दिया और स्पोर्ट्स टीचर के साथ मारपीट करने लगे।
बीच-बचाव करने पहुंचे शिक्षकों से भी की झूमाझटकी
विवाद बढ़ने पर दूसरे शिक्षक और शिक्षिकाएं बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी धक्कामुक्की और झूमाझटकी की। शिक्षिका मनीषा जैन ने आरोप लगाया कि छात्र के पिता ने धमकी देते हुए कहा कि यदि कोई शिक्षक उनके बेटे को मारेगा तो वे भी उसे मारेंगे और स्कूल के बाहर देख लेंगे।
मीडिया के चाकू देखे जाने संबंधी सवाल पर शिक्षिका ने चाकू देखने से इनकार किया।
स्कूल प्रबंधन की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्कूल स्टाफ के साथ प्रिंसिपल भुवनेश्वरी पांडे कोतवाली थाने पहुंचीं, लेकिन शिकायत के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। समिति के सदस्यों को घटना की जानकारी नहीं होने को लेकर भी सवाल उठे।
वहीं, स्कूल में सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद आरोपियों के परिसर में प्रवेश करने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कठघरे में है। सवाल उठ रहे हैं कि आगंतुकों की पहचान, प्रवेश रजिस्टर में नाम दर्ज कराने और बिना अनुमति परिसर में प्रवेश रोकने के लिए क्या इंतजाम थे। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे तो लगे हैं, लेकिन बाहरी लोगों के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कितने प्रभावी हैं, यह घटना ने उजागर कर दिया।
आरोपी पिता और छात्र को थाने ले गई पुलिस
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि स्पोर्ट्स टीचर विवेक प्रजापति की शिकायत पर आरोपी यूनुस और उसके बेटे रईस के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस आरोपी पिता और छात्र को थाने ले आई है, जबकि मारपीट का आरोपी बड़ा बेटा शहर से बाहर चला गया है। उसकी तलाश की जा रही है।


