न्यू जर्सी। अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी ने देशभर की हवाई सेवाओं को अस्त-व्यस्त कर दिया। शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से चार घंटे से अधिक समय तक विमानों की उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी। इस दौरान 8 हजार से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं और करीब 15 लाख यात्री प्रभावित हुए। शुक्रवार रात उड़ानों पर लगी रोक हटा ली गई, लेकिन शनिवार को भी कई एयरलाइंस की सेवाएं प्रभावित रहीं।
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने कम्युनिकेशन सिस्टम में गड़बड़ी सामने आने के बाद देशभर के एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू किया था। इसके तहत एयरपोर्ट पर खड़े विमानों के टेकऑफ पर रोक लगा दी गई, जबकि पहले से हवा में मौजूद विमानों को सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति दी गई। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संबंध में अलग-अलग परिस्थितियों के आधार पर फैसले लिए गए।
शिकागो से शुरू हुई समस्या, देशभर में ठप हुई सेवाएं
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ानों पर रोक की शुरुआत शिकागो के ओ’हेयर और मिडवे एयरपोर्ट से हुई थी। यहां एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में परेशानी सामने आई। बाद में दूसरे एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों पर भी इसका असर पहुंचा और पूरे अमेरिका में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी।
11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बड़ी घटना है, जब अमेरिका में देशव्यापी स्तर पर उड़ानों को रोकना पड़ा। जनवरी 2023 में भी FAA के मुख्य कंप्यूटर सिस्टम में खराबी के कारण हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं।
साइबर हमले के संकेत नहीं, तकनीकी खराबी की आशंका
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि शुरुआती जांच में सिस्टम की खराबी के पीछे किसी साइबर हमले के संकेत नहीं मिले हैं। मामला टेलीकम्युनिकेशन सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी का प्रतीत होता है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही खराबी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुरानी तकनीक बदलने की तैयारी, एआई सिस्टम भी जांच के दायरे में
FAA अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि कम्युनिकेशन सिस्टम की खराबी का संबंध हाल में लगाए गए नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम से तो नहीं है। यह तकनीक संभावित समस्याओं की पहचान करने और विमानों के रूट बदलने के सुझाव देने में मदद करती है। सरकार पुराने तारों की जगह फाइबर ऑप्टिक केबल और आधुनिक रेडियो सिस्टम लगा रही है।
ट्रम्प ने मांगे 30 अरब डॉलर, परिवहन मंत्री को 50 अरब की जरूरत
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था के आधुनिकीकरण के लिए कांग्रेस से 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त फंडिंग मांगी है। वहीं, परिवहन मंत्री सीन डफी का कहना है कि पूरी व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए करीब 50 अरब डॉलर की जरूरत है। पिछले साल कांग्रेस इस परियोजना के लिए 12.5 अरब डॉलर मंजूर कर चुकी है।
डेल्टा और यूनाइटेड जैसी एयरलाइंस ने सेवाएं बहाल करना शुरू कर दिया है, लेकिन शनिवार तक उड़ानों में देरी और रद्द होने की आशंका जताई गई। जेटब्लू ने शुक्रवार की शेष उड़ानें रद्द कर दी थीं। ऐसे में सिस्टम की खराबी का असर वीकेंड तक बने रहने की संभावना है।


