इस्लामाबाद। Pakistan Anti Drone System: ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सैन्य कार्रवाई से मिले झटके के बाद पाकिस्तान ने अपनी सैन्य रणनीति में बदलाव शुरू कर दिया है। अब उसका जोर ड्रोन युद्ध और आधुनिक हवाई निगरानी प्रणाली पर है। पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) के सामने वाले क्षेत्रों में 50 से अधिक विशेष एंटी-ड्रोन यूनिट तैनात की हैं। इनमें से 20 नई यूनिट नवंबर में तैनात किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की रणनीति में ड्रोन वॉरफेयर को रक्षा और हमले, दोनों की पहली पंक्ति के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इन यूनिट का मुख्य उद्देश्य भारतीय ड्रोन और लोइटरिंग म्यूनिशन (लक्ष्य पर हमला करने वाले मानवरहित हथियार) की पहचान करना, उनकी गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर उन्हें निष्क्रिय करना है।
पुंछ, राजौरी और नौशेरा के सामने तैनाती
पाकिस्तान ने अपने एंटी-ड्रोन सिस्टम मुख्य रूप से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के रावलकोट, कोटली और भिंबर सेक्टर में लगाए हैं। इनकी तैनाती में पाकिस्तानी सेना की 12वीं और 23वीं इन्फैंट्री डिवीजन की भूमिका बताई जा रही है।
रावलकोट में दूसरी, कोटली में तीसरी और भिंबर में सातवीं आजाद कश्मीर ब्रिगेड को इन प्रणालियों की जिम्मेदारी दी गई है। ये क्षेत्र भारतीय सेना के पुंछ, राजौरी, नौशेरा और सुंदरबनी सेक्टर के सामने स्थित हैं। इस तैनाती से पाकिस्तान की सीमा पर ड्रोन निगरानी और उन्हें रोकने की क्षमता बढ़ाने की कोशिश स्पष्ट होती है।
एआई और सर्विलांस तकनीक पर बढ़ा जोर
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की सैन्य रणनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक निगरानी तकनीक का महत्व बढ़ा है। कैमरों और सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर काम किया जा रहा है।
चीन और तुर्किये से खरीदे आधुनिक सिस्टम
पाकिस्तान अपनी वायु रक्षा क्षमता मजबूत करने के लिए चीन और तुर्किये की तकनीक पर निर्भर है। चीन से HQ-17AE शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम और तुर्किये से कोरकुट एंटी-एयरक्राफ्ट गन तथा एहिन काउंटर-ड्रोन सिस्टम खरीदे गए हैं। इसके अलावा 35 एमएम ओर्लिकॉन एंटी-एयरक्राफ्ट गन और एनजा एमके-2 मिसाइलों को भी रक्षा तंत्र में शामिल किया गया है।
स्पाइडर और सफरा से ड्रोन रोकने की तैयारी
पाकिस्तान ने स्पाइडर और सफरा जैसे सिस्टम भी तैनात किए हैं। स्पाइडर रेडियो फ्रीक्वेंसी के जरिए ड्रोन का पता लगाने और उसकी दिशा निर्धारित करने में मदद करता है। इसकी बताई गई रेंज करीब 10 किलोमीटर है।
वहीं सफरा एक पोर्टेबल ड्रोन जैमिंग गन है, जिसे पाकिस्तान के नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स ने विकसित किया है। इसकी करीब 15 किलोमीटर तक की बताई गई क्षमता के जरिए ड्रोन के कंट्रोल, वीडियो और जीपीएस सिग्नल को बाधित किया जा सकता है।
अलग यूएवी कोर बनाने की तैयारी
पाकिस्तान की सेना ड्रोन संचालन, प्रशिक्षण और तकनीकी विकास को संस्थागत रूप देने के लिए अलग यूएवी (मानवरहित हवाई वाहन) कोर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। मई में रक्षा उत्पादन मंत्रालय ने रावलपिंडी में निजी क्षेत्र की ड्रोन निर्माता कंपनियों के साथ बैठक की थी।
सैन्य ड्रोन को चीन के बाइदो से मिल रही मदद
पाकिस्तान ने अपने सैन्य ड्रोन और मिसाइलों की नेविगेशन क्षमता बढ़ाने के लिए चीन के बाइदो सैटेलाइट नेविगेशन सिस्टम को भी अपनाया है। वर्ष 2020 से दोनों देशों के बीच इस तकनीक को लेकर सहयोग बढ़ा है। बाइदो अमेरिकी जीपीएस की तरह काम करता है और ड्रोन, जेएफ-17 लड़ाकू विमानों तथा मिसाइलों की नेविगेशन और टारगेटिंग क्षमता में मदद करता है।
इससे पाकिस्तान की अमेरिकी जीपीएस पर निर्भरता कम करने की कोशिश है। कुल मिलाकर ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान सीमा पर पारंपरिक सैन्य तैयारियों के साथ ड्रोन, जैमिंग तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और सैटेलाइट नेविगेशन को भी अपनी सैन्य रणनीति का अहम हिस्सा बना रहा है।


