भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस की निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाकिस्तान के एक व्यक्ति का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा और गुप्तचर एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। वीडियो में व्यक्ति खुद को पाकिस्तानी बताते हुए भारत सरकार से नेहा पच्चीसिया की बहाली और रिहाई की मांग कर रहा है। अब जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि उनके अकाउंट तक पाकिस्तानी व्यक्ति की पहुंच कैसे हुई और वीडियो किसने पोस्ट किया।
कटनी में पदस्थ रहीं नेहा पच्चीसिया धोखाधड़ी और अवैध वसूली सहित कई गंभीर आरोपों का सामना कर रही हैं। वह फिलहाल फरार बताई जा रही हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
वीडियो में नेहा की बहाली और रिहाई की मांग
वायरल वीडियो में चश्मा लगाए एक व्यक्ति ने नेहा पच्चीसिया का समर्थन करते हुए भारत सरकार से उन्हें बहाल करने और रिहा करने की अपील की है। व्यक्ति का दावा है कि मामले की जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही नेहा खुद सामने आकर अपनी वापसी का ऐलान करेंगी। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
अकाउंट हैक होने की आशंका, कई सवाल
इस घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सवाल नेहा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की सुरक्षा को लेकर उठ रहा है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अकाउंट हैक किया गया है या किसी अन्य व्यक्ति ने लॉगिन हासिल कर वीडियो पोस्ट किया है। यह भी जांच का विषय है कि वीडियो नेहा की सहमति से अपलोड किया गया या इसके पीछे किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका है।
साइबर सेल कर रही डिजिटल साक्ष्यों की जांच
वीडियो सामने आने के बाद साइबर सेल ने अकाउंट की गतिविधियों, लॉगिन हिस्ट्री और वीडियो अपलोड करने से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू की है। वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान, अकाउंट तक पहुंचने के तरीके और संभावित डिजिटल कनेक्शन का पता लगाया जा रहा है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वीडियो किसने और किन परिस्थितियों में पोस्ट किया।


