वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान के साथ सैन्य संघर्ष लगभग खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि फिलहाल अमेरिका ईरान पर नए हमले करने के पक्ष में नहीं है, लेकिन किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार है। ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर टकराव जारी है।
ट्रम्प ने सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सैन्य दृष्टि से ईरान का मामला लगभग खत्म हो चुका है। ईरान का नेतृत्व भी समाप्त कर दिया गया है। हालांकि, अमेरिका की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम लंबे समय तक आगे न बढ़ सके।
ट्रम्प ने यह बयान कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल थानी से मुलाकात के बाद दिया। बैठक के बाद वह अचानक व्हाइट हाउस के ब्रीफिंग रूम पहुंचे और मीडिया से बातचीत की।
समझौता हुआ तो दोबारा हमले की संभावना कम
ट्रम्प ने ईरान पर फिर से हमले की धमकी को लेकर भी नरम रुख के संकेत दिए हैं। उन्होंने रविवार को एक अमेरिकी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि यदि ईरान के साथ बातचीत आगे बढ़ती है और वह मजबूत समझौते पर हस्ताक्षर करता है, तो अमेरिका को दोबारा सैन्य कार्रवाई करने की जरूरत पड़ने की संभावना बहुत कम होगी।
अमेरिकी सेना ने एक सप्ताह में दो बार किए हमले
इस बीच अमेरिकी सेना पिछले एक सप्ताह में कम से कम दो बार ईरान पर सीमित हमले कर चुकी है। इन हमलों में ईरान की एयर डिफेंस प्रणाली को निशाना बनाया गया। इसके अलावा शनिवार को अमेरिकी सेना ने एक वाणिज्यिक जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय कर दिया। अमेरिका का आरोप है कि यह जहाज ईरानी बंदरगाहों पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहा था।
चुनाव में भी ट्रम्प को झटका
ईरान के साथ आठ महीने से जारी युद्ध का असर अमेरिकी राजनीति पर भी पड़ा है। पिछले सप्ताह हुए मिडटर्म चुनावों में ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवा चुकी है। चुनाव के दौरान युद्ध को लेकर अमेरिकी मतदाताओं की नाराजगी भी प्रमुख मुद्दा रही। संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, जिसका असर अमेरिकी और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ा।
ईरान की शर्त- युद्ध खत्म करें, 48 घंटे में खुलेगा होर्मुज
दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि यदि अमेरिका सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करता है, तो ईरान 48 घंटे के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोल सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका को पहले ईरान की शर्तें स्वीकार करनी होंगी। ऐसा नहीं होने पर ईरान जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार है।
अराघची ने दावा किया कि ईरान ने अपने हथियारों को मजबूत किया है, सैन्य कमजोरियों को दूर किया है और नए हथियारों का परीक्षण किया है। ईरानी सेना किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए अलर्ट है।


