चीनी कारोबारी महिला से करीबी संबंधों का भी मामला आया सामने
सैन फ्रांसिस्को। दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने हुआंग के कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसी के निशाने पर होने संबंधी रिपोर्टों की जांच शुरू कर दी है। मामला एक चीनी महिला कारोबारी कार्यकारी के साथ उनके कथित करीबी संबंधों और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं से जुड़ा है।
कंपनी के बोर्ड ने रविवार को जांच की जानकारी देते हुए कहा कि फिलहाल ऐसा कोई आधार नहीं मिला है, जिससे यह माना जाए कि कंपनी की गोपनीय जानकारियों या राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी उपलब्ध तथ्यों और सूचनाओं की समीक्षा की जाएगी।
पत्नी से बेवफाई पर हुआंग ने जताया अफसोस
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, 63 वर्षीय जेन्सेन हुआंग ने बोर्ड के सामने एक कारोबारी कार्यकारी के साथ अपने अंतरंग संबंधों की जानकारी दी। उन्होंने अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार करते हुए इसके लिए खेद भी जताया। एक संदेश में हुआंग ने कहा कि उनके इस आचरण से पत्नी और बच्चों को चोट पहुंची है, जिसका उन्हें गहरा अफसोस है।
जांच के दौरान सीईओ बने रहेंगे हुआंग
एनवीडिया के निदेशक मंडल ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक जेन्सेन हुआंग अपने पद पर बने रहेंगे। बोर्ड को फिलहाल कंपनी के व्यापारिक रहस्यों या राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया है।
कौन हैं चीनी कारोबारी एलिस हुआंग?
द न्यूयॉर्क टाइम्स की पिछले महीने प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने एलिस हुआंग नामक चीनी नागरिक और जेन्सेन हुआंग के बीच करीबी संबंधों की जानकारी जुटाई थी। एलिस हुआंग चिप कारोबार से जुड़ी हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को उनके बीजिंग के लिए सूचनाएं जुटाने की जानकारी मिली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के बीच कोई पारिवारिक संबंध नहीं है।
एनवीडिया की बड़ी ग्राहक कंपनी से जुड़ा है मामला
एलिस हुआंग पहले चीन में टेलीविजन रिपोर्टर थीं। बाद में वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की शीर्ष कार्यकारी बन गईं। यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के बड़े ग्राहकों में शामिल है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, मेगास्पीड ने पिछले दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक मूल्य के चिप खरीदे हैं। ऐसे में इस पूरे मामले को कंपनी के कारोबारी हितों और तकनीकी सूचनाओं की सुरक्षा के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।


