नई दिल्ली। देशभर में मानसून अपने सबसे सक्रिय दौर में पहुंच गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से कई राज्यों में लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले चार से छह दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
भारी बारिश का असर जनजीवन के साथ उद्योगों पर भी दिखाई देने लगा है। गुजरात में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण अहमदाबाद के पास स्थित टाटा मोटर्स के साणंद प्लांट और आसपास के कई ऑटो पार्ट्स सप्लायरों की इकाइयों में उत्पादन अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है।
गुजरात में उद्योगों पर असर
टाटा मोटर्स ने बताया कि साणंद प्लांट में बनने वाली टियागो, टिगोर, नेक्सन और सिएरा मॉडल के उत्पादन पर बारिश और जलभराव का असर पड़ा है। कंपनी ने कहा कि प्लांट और सप्लायर इकाइयों में बहाली का काम जारी है और जल्द उत्पादन सामान्य होने की उम्मीद है।
चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित
उत्तराखंड में लगातार बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है। कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए हैं। चंपावत, बागेश्वर और टिहरी जिलों में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
दिल्ली में जलभराव और ट्रैफिक जाम
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जिससे लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
छत्तीसगढ़ में बाढ़ जैसे हालात
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, फसलें प्रभावित हुई हैं और कई पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
हिमाचल में स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूल, कॉलेज, आईटीआई तथा आंगनवाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।


