दमिश्क। सीरिया में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। यह दर्दनाक दुर्घटना राजधानी दमिश्क और पूर्वी प्रांत दीर अल-जौर को जोड़ने वाले राजमार्ग पर हुई, जहां दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
राज्य मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हादसा एक नागरिक बस और गृह मंत्रालय की बस के बीच हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल पलमीरा नेशनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
रिपोर्टों के मुताबिक, बचाव कार्य में सीरियाई सैन्य हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली गई ताकि घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके और राहत अभियान में तेजी लाई जा सके।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं किया गया है। संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच में जुटी हैं।
इस बीच, सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।


