वॉशिंगटन/तेहरान। US Iran Conflict ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की तैयारी कर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने फिलहाल हमले का फैसला टाल दिया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने ट्रम्प प्रशासन को चेतावनी दी कि बड़े पैमाने पर कार्रवाई करने से अमेरिका के पास मौजूद पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार तेजी से कम हो सकता है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारियों ने आशंका जताई कि ईरान पर बड़े हमले की स्थिति में न केवल अमेरिकी सैन्य संसाधनों पर दबाव बढ़ेगा, बल्कि मध्य-पूर्व में तैनात अमेरिकी सैनिकों और सहयोगी देशों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
ये भी पढ़ें
India-UK FTA: 2030 तक 115 अरब डॉलर निर्यात का लक्ष्य, 10 लाख रोजगार पैदा होंगे
जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने सैन्य विकल्पों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल के अंत तक अमेरिका 1200 से अधिक पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का इस्तेमाल कर चुका था। ऐसे में लंबे सैन्य अभियान की स्थिति में मिसाइलों की उपलब्धता बड़ी चुनौती बन सकती है।
हालांकि, राष्ट्रपति ट्रम्प ने साफ किया है कि ईरान के खिलाफ जरूरत पड़ने पर सभी विकल्प खुले हैं। फिलहाल अमेरिका ने सैन्य हमले की जगह आर्थिक दबाव बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। वॉशिंगटन ने ईरानी कारोबारी बाबेक जंजानी से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 9 कंपनियों और 4 लोगों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं।
पिछले 24 घंटे में ईरान संकट के 5 बड़े घटनाक्रम
1. हूती विद्रोहियों का सऊदी अरामको रिफाइनरी पर हमला
यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब के जजान स्थित सऊदी अरामको रिफाइनरी पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। जजान रिफाइनरी सऊदी अरब की प्रमुख तेल सुविधाओं में शामिल है।
2. होर्मुज स्ट्रेट में ईरान की कार्रवाई से बदला जहाजों का रास्ता
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले चार जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। इसके बाद इन जहाजों ने अपना मार्ग बदल लिया।
3. ईरान में पेट्रोल महंगा करने की तैयारी
ईरान सरकार देश में बढ़ती खपत को नियंत्रित करने के लिए पेट्रोल की कीमतों में बदलाव पर विचार कर रही है। सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था लागू करने से पहले सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है।
4. अमेरिका ने रोका ईरान पर सैन्य हमला
अमेरिका ने शुक्रवार रात ईरान पर कोई बड़ा हमला नहीं किया। इससे पहले अमेरिकी सेना लगातार कई दिनों तक ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रही थी।
5. बहरीन स्थित अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर हमला
ईरान ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के नौसैनिक ठिकाने को निशाना बनाने का दावा किया। हमले में ड्रोन और मिसाइलों के इस्तेमाल की बात सामने आई है।


