29 जुलाई से शुरू होगा अभियान, वाराणसी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी लेकर पहुंचेगी कलश यात्रा
भोपाल। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में बड़े स्तर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान के तहत प्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों, 1313 मंडलों और करीब 21 हजार स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को समरसता दीपोत्सव के साथ होगा। इस दौरान प्रदेशभर में गुरु रविदास महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान पांच चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में दीपोत्सव, दूसरे चरण में ‘कलश वंदन अभियान’ आयोजित होगा। वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पावन मिट्टी से भरे कलश देशभर में भेजे जाएंगे।
सिंगरौली के रास्ते भोपाल पहुंचेगी कलश यात्रा
मध्यप्रदेश पहुंचने वाली कलश यात्रा सिंगरौली जिले से प्रवेश करेगी। इसके बाद सीधी, रीवा, सतना, मैहर, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा और रायसेन होते हुए भोपाल पहुंचेगी। भोपाल स्थित गुरु रविदास मंदिर में पवित्र कलश स्थापित किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश की मिट्टी को मिलाकर 62 जिलों के लिए अलग-अलग कलश तैयार किए जाएंगे, जिन्हें रथों के माध्यम से जिला मुख्यालयों तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. सोलंकी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं थे, बल्कि वे मानवता, समानता और सामाजिक न्याय के महान संदेशवाहक थे। उनके विचार आज भी समाज को जोड़ने और मार्गदर्शन देने का काम करते हैं।
पांच चरणों में चलेगा अभियान
अभियान के तीसरे चरण में ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी, जो डेरा सचखंड बल्लां (पंजाब) से शुरू होकर राजस्थान होते हुए मध्यप्रदेश से गुजरेगी और वाराणसी पहुंचेगी।
चौथे चरण में ‘संत संपर्क अभियान’ के तहत संत-महात्माओं और धार्मिक नेतृत्व से संवाद किया जाएगा। वहीं पांचवें चरण में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावासों में पहुंचकर विद्यार्थियों को गुरु रविदास महाराज के जीवन दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़ा जाएगा।
भाजपा ने इस अभियान के जरिए समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।


