मिशा सिंह को नगरीय प्रशासन में अहम जिम्मेदारी, बालाघाट-छतरपुर समेत चार जिलों के कलेक्टर बदले
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 8 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। आदेश के तहत शहडोल, बालाघाट और छतरपुर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई पदस्थापना की गई है।
सबसे बड़ा बदलाव शहडोल कलेक्टर के पद को लेकर हुआ है। सरकार ने पूर्व में जारी आदेश में संशोधन करते हुए 2015 बैच के IAS अधिकारी पार्थ जायसवाल को शहडोल कलेक्टर नियुक्त किया है। इससे पहले शहडोल कलेक्टर पद पर नियुक्त की गईं मिशा सिंह को अपर आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत मृणाल मीणा को बालाघाट कलेक्टर पद से हटाकर छतरपुर कलेक्टर बनाया गया है। वहीं ग्वालियर के अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को बालाघाट जिले की कमान सौंपी गई है।
दिनेश जैन को खाद्य विभाग की जिम्मेदारी
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव दिनेश जैन को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में उप आयुक्त-सह-संचालक नियुक्त किया गया है। वहीं गिरीश शर्मा को अपर सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
अंकित अस्थाना और अदिति गर्ग को भी नई जिम्मेदारी
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के उप सचिव अंकित अस्थाना को सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव के साथ संचालक कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
वहीं मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को मध्यप्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट की परियोजना संचालक सहित अन्य अतिरिक्त दायित्व सौंपे गए हैं।
प्रशासनिक जानकारों के अनुसार, प्रदेश में लगातार हो रहे इन बदलावों को आगामी प्रशासनिक प्राथमिकताओं और विभागीय कार्यों में तेजी लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।



