मुंबई। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 7 से 8 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
यह घटना रात करीब 11:30 बजे पावरलूम नगरी भिवंडी के बालाजी नगर स्थित कोहिनूर बिल्डिंग में हुई। भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी विजय जाधव के अनुसार, मलबे से अब तक एक शव निकाला गया है, जबकि एक घायल लड़के को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले ही खतरनाक घोषित की गई थी इमारत
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, चार मंजिला कोहिनूर बिल्डिंग में कुल 48 कमरे थे और प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। यह इमारत पहले से ही खतरनाक (डेंजरस) घोषित की जा चुकी थी। हादसे के समय भवन में मरम्मत का कार्य चल रहा था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 9 बजे इमारत से तेज दरारों जैसी आवाजें आने लगी थीं। इसके बाद लोगों ने एहतियात के तौर पर कई परिवारों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान कुछ लोग अभी बाहर निकल ही रहे थे कि इमारत की ‘बी’ विंग अचानक भरभराकर गिर गई।
NDRF समेत कई एजेंसियां बचाव कार्य में जुटीं
मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स, स्थानीय दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
मौके पर डॉग स्क्वॉड, चार दमकल गाड़ियां, दो एंबुलेंस और भारी मशीनरी तैनात की गई है। अधिकारी मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।


