भोपाल। दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर मध्य प्रदेश की जेलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जेल मुख्यालय ने प्रदेश की सभी जेलों में हाई अलर्ट जारी करते हुए जेल कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। अब जेल परिसरों में रातभर पहरा रहेगा और कम से कम एक वरिष्ठ अधिकारी पूरी रात मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगा। जेल अधीक्षक और उप अधीक्षक भी नियमित अंतराल पर निरीक्षण करेंगे।
जेल महानिदेशक वरुण कपूर ने 7 से 9 नवंबर के बीच धनतेरस, दीपावली और भाई दूज के आयोजनों को देखते हुए सभी जेल अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों के मुताबिक, त्योहार शुरू होने से एक दिन पहले ही सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने होंगे। त्योहार समाप्त होने के बाद भी जेलों में अलर्ट जारी रहेगा। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है।
2016 में दीपावली की रात फरार हुए थे आठ सिमी आतंकी
भोपाल सेंट्रल जेल से 31 अक्टूबर 2016 को दीपावली की रात आठ सिमी आतंकी फरार हो गए थे। जेल से भागने से पहले आतंकियों ने प्रधान आरक्षक की हत्या कर दी थी। जेल की दीवार फांदकर फरार हुए सभी आठ आतंकियों को बाद में भोपाल के बाहरी इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इस घटना के बाद से हर साल दीपावली के दौरान प्रदेश की जेलों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाते हैं।
भोपाल जेल के अंडा सेल में बंद हैं सिमी से जुड़े 32 कैदी
भोपाल सेंट्रल जेल के उच्च सुरक्षा वाले अंडा सेल में वर्तमान में सिमी से जुड़े 32 कैदी बंद हैं। इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखने, नियमित निगरानी और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जेल प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या सुरक्षा चूक की आशंका को पूरी तरह रोकना है।


