इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर की उभरती क्रिकेटर अनादि तागड़े को भारतीय महिला अंडर-19 ए क्रिकेट टीम की कप्तानी सौंपी गई है। वह आगामी मुथूट फिनकॉर्प टी-20 त्रिकोणीय श्रृंखला में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी। इस प्रतियोगिता में भारत की अंडर-19 ए और बी टीमों के साथ नेपाल की अंडर-19 टीम भी हिस्सा लेगी। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होने वाली यह श्रृंखला आगामी आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
चैलेंजर ट्रॉफी में गेंदबाजी से बनाई पहचान
अनादि ने हाल ही में बिलासपुर में आयोजित महिला अंडर-19 टी-20 चैलेंजर ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 10 ओवर गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर चार विकेट हासिल किए। फाइनल मुकाबले में उनका प्रदर्शन खास रहा, जहां उन्होंने चार ओवर में महज 18 रन देकर तीन विकेट झटके।
पूरे टूर्नामेंट में अनादि की गेंदबाजी में निरंतर सुधार देखने को मिला। पहले मुकाबले में उन्होंने तीन ओवर में 15 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया। दूसरे मैच में तीन ओवर में आठ रन देकर एक विकेट हासिल किया। इसके बाद फाइनल में तीन विकेट लेकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता साबित की।
4.10 की इकॉनमी से गेंदबाजी में दिखाई निरंतरता
चैलेंजर ट्रॉफी में अनादि का गेंदबाजी औसत 10.25 और इकॉनमी रेट 4.10 रहा। उन्होंने 10 ओवर में 41 रन देकर चार विकेट लिए। इस दौरान उन्होंने कोई वाइड या नोबॉल नहीं की और केवल एक चौका दिया। उनके खाते में एक मेडन ओवर भी रहा।
गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी और क्षेत्ररक्षण में भी उन्होंने योगदान दिया। अनादि ने दो पारियों में कुल 11 रन बनाए और एक कैच भी पकड़ा। उनके इसी संतुलित प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
भारत की ए और बी टीमों में 30 खिलाड़ियों को मौका
महिला चयन समिति ने त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 ए और बी टीमों का चयन किया है। दोनों टीमों में 15-15 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
भारतीय अंडर-19 ए टीम: भाविका अहिरे, तनिष्का शर्मा, रिया भाटी, इरा जाधव, निधि महतो, इप्सिता मंडल, पूर्वा सिवाच, महक नरवासे, शांभवी राजपूत, मैत्री मनियार, जूली कुमारी, गौरी गोयल, नंदना श्रीधरन, प्रीति कपूर और ग्रिशा कटारिया।
भारतीय अंडर-19 बी टीम: ईश्वरी अवसरे, रचिता हटवार, दीया यादव, अर्चना, श्रेया एस. चव्हाण, समायरा राघव, कुमारी पलक, उमा काशवी, अचसा परमार, निष्ठा सोती, विधि परमार, वंदिता के. राव, अनादि तागड़े, अक्षरा तिवारी और पलक सिंह।


