भोपाल। मध्यप्रदेश में गौवंश की नस्ल सुधारने और उन्नत नस्ल की गायों की संख्या बढ़ाने के लिए राज्य सरकार बड़े स्तर पर परियोजना शुरू करने जा रही है। इसके तहत प्रदेश में प्रतिवर्ष एक लाख गौवंश के भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इसके लिए 50 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक केंद्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी मिल चुकी है। इसके माध्यम से आधुनिक प्रजनन तकनीक का इस्तेमाल कर साहीवाल जैसी उन्नत नस्ल की बछियां तैयार की जाएंगी। साथ ही निराश्रित गौवंश में भी भ्रूण प्रत्यारोपण की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में बेहतर नस्ल के गौवंश की संख्या बढ़ाने के साथ दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करना है।
पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि
समारोह में मुख्यमंत्री ने गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत 466 विजेता पशुपालकों के बैंक खातों में 2 करोड़ 95 लाख रुपये की राशि अंतरित की। इसके अलावा प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गोशालाओं में रखे 5.51 लाख निराश्रित गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये का अनुदान जारी किया।
मुख्यमंत्री ने गौ-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौवंश का महत्वपूर्ण स्थान है। गौ माता के रोम-रोम से हमारे लिए दुआ निकलती है। भगवान श्रीकृष्ण ने हजारों साल पहले ही प्रकृति, जल, वन और जीवों के संरक्षण का संदेश दिया था। गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने सामूहिक शक्ति और प्रकृति के महत्व को बताया।
गौशालाओं में प्रति गाय अनुदान दोगुना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गौशालाओं में रखी गायों के भरण-पोषण के लिए मिलने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गाय कर दी है। निजी स्तर पर संचालित गोशालाओं को भी निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जा रही है। नगरीय निकायों के माध्यम से भी गोशालाओं का संचालन किया जा रहा है। सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृंदावन गांव विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है।
उन्होंने प्राकृतिक खेती की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि रासायनिक खाद के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और बीमारियां बढ़ रही हैं। गौपालन से मिलने वाली जैविक खाद खेतों की उर्वरता बढ़ाने के साथ रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने में मददगार है।
दूध उत्पादन में एमपी को नंबर वन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश वर्तमान में दूध उत्पादन के मामले में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार प्रदेश को पहले स्थान पर पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। इसके लिए गांवों में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन किया जा रहा है। सरकार श्वेत क्रांति-2 को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने बताया कि डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गाय या भैंस की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए लगभग 42 लाख रुपये की परियोजना लागत पर 30 प्रतिशत यानी करीब 13.86 लाख रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। उन्नत नस्लों और आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी देने के लिए प्रदेश में पशु मेले भी आयोजित किए जाएंगे।
गौरव रघुवंशी की गाय ने दिया सर्वाधिक दूध
समारोह में उत्कृष्ट पशुपालकों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। गौरव रघुवंशी की गाय ने 19.760 लीटर दूध देकर पहला स्थान हासिल किया। रतलाम के मुकेश परमार दूसरे और उमरिया की संध्या पांडे तीसरे स्थान पर रहीं।
महाकाल लोक से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में धार्मिक स्थलों को नई पहचान मिली है। महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में हर साल सात करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के अवसर बढ़े हैं।
उन्होंने बताया कि ओरछा में 400 करोड़ रुपये और चित्रकूट में करीब दो हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। ओंकारेश्वर में भी धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना तथा किसानों और पशुपालकों की आमदनी बढ़ाना है।


