भोपाल। मध्य प्रदेश में दीपावली के बाद ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। प्रदेश में कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह है कि प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी रात का तापमान करौंदी से अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है।
पहाड़ी इलाकों से ज्यादा ठंडे हुए मैदानी क्षेत्र
नवंबर की शुरुआत में ही प्रदेश के कई इलाकों में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। कटनी के करौंदी के अलावा अमरकंटक और कल्याणपुर में भी न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से नीचे बना हुआ है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर सहित दूसरे बड़े शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में):
- भोपाल : 14
- इंदौर : 14
- जबलपुर : 13.4
- अमरकंटक : 11.4
- दमोह : 12.5
- रायसेन : 12.6
- पचमढ़ी : 13.4
- छिंदवाड़ा : 13.5
- रीवा : 13.6
- मंडला : 13.8
- नौगांव : 14.5
आखिर करौंदी में क्यों पड़ रही ज्यादा ठंड?
कटनी जिले का करौंदी इन दिनों तापमान के मामले में पचमढ़ी को भी पीछे छोड़ रहा है। इसके पीछे क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को प्रमुख वजह माना जा रहा है। करौंदी विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान वाले क्षेत्र में स्थित है। रात के समय पहाड़ियों की सतह तेजी से ठंडी होती है। इसके बाद ठंडी और भारी हवा ढलान से नीचे की ओर बहने लगती है। मौसम विज्ञान में इस प्रक्रिया को कैटाबेटिक विंड्स कहा जाता है। इसके साथ तापमान प्रतिलोमन (थर्मल इन्वर्जन) की स्थिति भी निचले इलाकों में ठंड बढ़ा सकती है। यही कारण है कि यहां रात के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज होती है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसका प्रभाव दो दिन बाद मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई दे सकता है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। पूर्वी हिस्से में ट्रफ गुजरने के कारण कुछ स्थानों पर हल्के बादल छा सकते हैं।
अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री तक और गिर सकता है। नवंबर के दूसरे सप्ताह से ग्वालियर-चंबल संभाग में ठंड का असर ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। यहां उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान में गिरावट की वजह बन सकती हैं।
नवंबर के तीसरे-चौथे सप्ताह में बारिश के आसार
नवंबर में ठंड बढ़ने के साथ मौसम में बदलाव भी देखने को मिल सकता है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में इस महीने बारिश का पुराना रिकॉर्ड रहा है। महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणालियां सक्रिय होने पर कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। ग्वालियर में नवंबर का न्यूनतम तापमान ऐतिहासिक रूप से 3 डिग्री और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में महीने के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में रात की ठंड और तेज होने की संभावना है।


