नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि स्वयंसेवक ही संघ की वास्तविक पहचान हैं। संगठन की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के बाद भी उसकी यह पहचान कायम है। उन्होंने संघ के शुरुआती दिनों का एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि जब 1930 के दशक में विधानसभा में संघ पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हुई थी, तब एक मुस्लिम व्यक्ति ने संगठन के समर्थन में आवाज उठाई थी।
भागवत सोमवार को नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नवीनीकृत मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुस्लिम नेता ने विधानसभा में किया था संघ का बचाव
संघ प्रमुख ने बताया कि 1930 के दशक में सेंट्रल प्रोविंस की विधानसभा में पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया गया था। उस समय संघ के समर्थन में बोलने के लिए कोई स्वयंसेवक या संगठन की विचारधारा का समर्थक सामने नहीं आया। ऐसे मुश्किल दौर में इब्राहिम नाम के एक व्यक्ति ने संघ के पक्ष में अपनी बात रखी थी।
भागवत के अनुसार, इब्राहिम ने विधानसभा में कहा था कि संघ को प्रतिबंधित नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सांप्रदायिक संगठन नहीं है। उन्होंने हिंदुस्तान को हिंदू राष्ट्र कहने की विचारधारा पर सवाल जरूर उठाए, लेकिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को अच्छा व्यक्ति बताते हुए संघ को सांप्रदायिक संगठन मानने से इनकार किया था।
भागवत ने कहा कि उस समय संघ की स्थापना को कुछ ही वर्ष हुए थे और संगठन की व्यापक पहचान भी नहीं बनी थी। हालांकि, डॉ. हेडगेवार को लोग जानते थे। शुरुआती दौर में ही स्वयंसेवक संघ की पहचान बन गए थे और आज भी संगठन की असली ताकत यही हैं।
प्रचारकों का जीवन संघ के लिए समर्पित
भागवत ने प्रचारकों के जीवन पर तैयार की जा रही एक पुस्तक का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें उनके जीवन और कार्यों को कृतज्ञता तथा स्नेह के भाव से प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रचारकों के जीवन में किसी भौतिक लाभ या व्यक्तिगत स्वार्थ की अपेक्षा नहीं होती। उनके लिए संघ का कार्य ही सर्वोपरि होता है।
उन्होंने कहा कि प्रचारकों के समर्पण, निष्ठा और त्याग को केवल शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता। उनके जीवन को करीब से देखकर और उनके साथ रहकर ही उनके व्यक्तित्व तथा कार्यशैली को समझा जा सकता है। ऐसे समर्पित लोगों के प्रति स्वाभाविक रूप से श्रद्धा और सम्मान का भाव पैदा होता है।
समाज का हित ही स्वयंसेवक का मूल उद्देश्य
संघ प्रमुख ने स्वयंसेवक के जीवन की तुलना धारा के विपरीत तैरने से की। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक का जीवन सिद्धांतों पर आधारित होता है। उसमें निजी स्वार्थ, अहंकार और व्यक्तिगत अपेक्षाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक के मन में हमेशा यह विचार रहता है कि वह समाज के लिए क्या बेहतर कर सकता है। यह जरूरी नहीं कि प्रत्येक स्वयंसेवक इस आदर्श पर पूरी तरह खरा उतरे। सभी के काम करने का तरीका और क्षमता अलग-अलग हो सकती है, लेकिन सबका मूल उद्देश्य समाज के हित में काम करना ही होता है।


