भोपाल/नई दिल्ली। कांग्रेस ने 5 राज्यों की 7 राज्यसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। मध्यप्रदेश से पार्टी ने मंदसौर लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का करीबी माना जाता है।
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की सीट आगामी 21 जून को खाली हो रही है। उन्होंने तीसरी बार राज्यसभा में जाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस में इस सीट को लेकर कई नेताओं द्वारा लॉबिंग तेज हो गई थी। चर्चा थी कि यदि राहुल गांधी की सहमति बनती है तो मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया जा सकता है, जिस पर अब पार्टी ने मुहर लगा दी है।
गणित और राजनीतिक समीकरण भी अहम
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 58 विधायकों के वोट आवश्यक होते हैं। दतिया सीट रिक्त होने, विजयपुर विधायक के मतदान से बाहर रहने और निर्मला सप्रे के दलबदल के बाद कांग्रेस के पास फिलहाल 62 विधायक बताए जा रहे हैं। वहीं भाजपा के पास वर्तमान में 164 विधायक हैं। दो सीटों के लिए 116 विधायकों के वोट जरूरी हैं, ऐसे में तीसरी सीट को लेकर समीकरण जटिल हो सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार जोड़-तोड़ की स्थिति में परिणाम बदलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। तीसरी सीट को लेकर भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं और केंद्रीय नेतृत्व ने इस पर फिलहाल चुप्पी साध रखी है।


