लखनऊ।Ram Mandir Donation Theft: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों के खिलाफ करीब 7 हजार पन्नों की केस डायरी तैयार कर ली गई है। पुलिस अब 22 या 23 सितंबर को अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।
CCTV फुटेज से बरामद सामान तक जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने चार्जशीट में आरोपियों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, मंदिर परिसर के CCTV फुटेज, बरामद नकदी, वाहन, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों को शामिल किया है। इन सभी साक्ष्यों का आपसी मिलान कर आरोपियों की भूमिका को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
चार्जशीट दाखिल करने से पहले केस डायरी में शामिल सभी साक्ष्यों की कानूनी मजबूती की भी समीक्षा की जा रही है। जोन स्तर पर जांच के प्रमुख बिंदुओं की समीक्षा पहले ही की जा चुकी है।
70 से ज्यादा बार रकम छिपाने या निकालने का दावा
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर परिसर के CCTV फुटेज की पड़ताल के दौरान 27 अप्रैल से 5 जून के बीच 70 से अधिक बार चढ़ावे की रकम को छिपाने या निकालने जैसी गतिविधियां सामने आने की बात कही गई थी।
जांच एजेंसियां CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी हैं कि चोरी की घटनाओं में किस आरोपी की क्या भूमिका थी और रकम को किस तरह बाहर ले जाया गया।
घटना के बाद घटे थे श्रद्धालु, अब फिर बढ़ रही संख्या
चढ़ावा चोरी की घटना के बाद राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट आने की बात सामने आई थी। हालांकि, अब मंदिर में विदेशी श्रद्धालुओं की आवाजाही फिर बढ़ने लगी है।
शुक्रवार को अमेरिका से आए 10 श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। इनमें सात महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे।
मंदिर में व्यवस्थाओं और पारदर्शिता से जुड़े बदलावों के बीच श्रद्धालुओं का भरोसा धीरे-धीरे लौटने की बात कही जा रही है।


