नई दिल्ली। मेडिकल छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) की संशोधित सीट मैट्रिक्स के अनुसार देशभर में MBBS की 13,186 नई सीटें बढ़ाई गई हैं। एम्स और अन्य राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों को छोड़कर अब देश में कुल MBBS सीटों की संख्या 1,40,214 हो गई है।
नई सीटों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 2,786 और निजी मेडिकल कॉलेजों में 10,400 सीटों का इजाफा हुआ है।
MP में MBBS की 520 सीटें बढ़ीं
मध्य प्रदेश में MBBS की 520 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इतनी ही सीटों की बढ़ोतरी झारखंड में भी हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 1,200, राजस्थान में 1,100, तेलंगाना में 1,010 और पश्चिम बंगाल में 975 नई सीटें बढ़ाई गई हैं।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा सीटों का इजाफा
राज्यों में कर्नाटक को सबसे अधिक 1,650 नई MBBS सीटें मिली हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 1,250 और बिहार में 1,240 सीटें बढ़ाई गई हैं। नई सीटों के बाद कर्नाटक में कुल 15,745 और तमिलनाडु में 14,299 MBBS सीटें हो गई हैं।
महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और केरल में भी बढ़ोतरी
महाराष्ट्र में 550, आंध्र प्रदेश में 525 और केरल में 300 MBBS सीटें बढ़ाई गई हैं। वहीं असम, ओडिशा और सिक्किम में 100-100 नई सीटें जोड़ी गई हैं। हिमाचल प्रदेश में केवल एक नई MBBS सीट बढ़ाई गई है।
MBBS सीटों में यह बढ़ोतरी मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे देश में मेडिकल की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए प्रवेश के अवसर बढ़ेंगे।


