भोपाल। देश में आपातकाल के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के फैसलों पर उनके छोटे बेटे संजय गांधी का कितना प्रभाव था और गांधी परिवार के भीतर उस समय कैसे राजनीतिक और पारिवारिक समीकरण बन रहे थे? कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में इन सवालों से जुड़े कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों का खुलासा किया है। उन्होंने लिखा है कि आपातकाल के दौरान संजय गांधी का सत्ता और प्रशासन में दखल लगातार बढ़ रहा था। उनके पास कोई संवैधानिक पद नहीं था, इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण राजनीतिक फैसलों में उनकी भूमिका प्रभावशाली होती जा रही थी। संजय के आक्रामक रवैये और जल्दबाजी का असर इंदिरा गांधी पर भी पड़ रहा था।
संजय गांधी के बढ़ते प्रभाव से असहज थीं इंदिरा
सोनिया गांधी के मुताबिक, जून 1975 से मार्च 1977 तक चले आपातकाल के दौरान संजय गांधी की राजनीतिक सक्रियता तेजी से बढ़ी। उस समय उनकी उम्र करीब 30 वर्ष थी। वह सरकारी कामकाज में तेजी चाहते थे और नौकरशाही की धीमी कार्यप्रणाली से अक्सर नाराज रहते थे। कई बार उनका व्यवहार ऐसा होता था, जिसे प्रधानमंत्री के फैसलों की आलोचना के तौर पर भी देखा जाता था।
संजय गांधी ने पांच सूत्रीय कार्यक्रम के जरिए दहेज प्रथा, जातिगत भेदभाव और निरक्षरता जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के साथ परिवार नियोजन, पौधरोपण और शहरी क्षेत्रों के नवीनीकरण पर जोर दिया था। इन कार्यक्रमों को युवा कांग्रेस के माध्यम से आगे बढ़ाया जा रहा था। सोनिया ने लिखा है कि संजय का विश्वास हासिल करने की कोशिश में युवा कांग्रेस के कई सदस्य आक्रामक तरीके अपनाने लगे थे।
नसबंदी और झुग्गी हटाओ अभियान बना विवाद की वजह
सोनिया गांधी ने संजय गांधी के पांच सूत्रीय कार्यक्रम में परिवार नियोजन अभियान को सबसे विवादास्पद बताया है। उनके मुताबिक, नसबंदी अभियान के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की गई थी। इसे लागू करने में लापरवाही बरती गई और सरकारी अधिकारियों पर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने का दबाव बनाया जाता था।
इसके अलावा दिल्ली सहित कई शहरों में झुग्गियों और अतिक्रमण को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। इससे आम लोगों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ी। सोनिया ने संजय का बचाव करते हुए यह भी लिखा कि उनके बारे में ऐसी चर्चाएं होती थीं कि उन्हें मारुति कंपनी के भविष्य या अपने राजनीतिक करियर की चिंता थी। हालांकि, उन्होंने संजय की कमियों के बावजूद उनके साहस और जोखिम उठाने की क्षमता को स्वीकार किया है।
मेनका गांधी से शादी के बाद राजीव-संजय के रिश्तों में आई दूरी
सोनिया गांधी ने आत्मकथा में राजीव गांधी और संजय गांधी के पारिवारिक रिश्तों में आए बदलाव का भी जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि दोनों भाई पहले एक-दूसरे के बेहद करीब थे और ज्यादातर समय साथ बिताते थे। लेकिन संजय की मेनका गांधी से शादी के कुछ महीनों बाद उनके संबंधों में पहले जैसी सहजता नहीं रही।
सोनिया के अनुसार, मेनका की मौजूदगी में संजय का व्यवहार बदलने लगा था। एक साझा मित्र ने राजीव को बताया था कि बातचीत के दौरान मेनका ने ऐसा संकेत दिया कि राजीव अपने छोटे भाई से ईर्ष्या करते हैं। इस टिप्पणी से राजीव को गहरा दुख पहुंचा।
इसके बाद राजीव ने संजय से राजनीतिक घटनाक्रम पर चर्चा करना और उनसे सवाल पूछना कम कर दिया। उन्हें आशंका थी कि उनकी बातों का गलत अर्थ निकाला जा सकता है। हालांकि, इंदिरा गांधी को जरूरी जानकारियां देना उन्होंने जारी रखा।
आपातकाल के फैसलों से इंदिरा को होने लगा था नुकसान का एहसास
सोनिया गांधी ने लिखा है कि इंदिरा गांधी शुरुआत से ही आपातकाल को लेकर पूरी तरह सहज नहीं थीं। उनका मानना था कि देश में उस समय बनी अराजकता और राजनीतिक परिस्थितियों के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा था। लेकिन समय बीतने के साथ उन्हें महसूस होने लगा कि आपातकाल अपनी निर्धारित सीमाओं से आगे निकल रहा है और जनता में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
राजीव गांधी अपनी हवाई यात्राओं के दौरान यात्रियों से मिलने वाली शिकायतों और सुझावों को अपनी मां तक पहुंचाते थे। इंदिरा उनकी बातें सुनती थीं, लेकिन अक्सर कोई प्रतिक्रिया नहीं देती थीं। सोनिया के मुताबिक, राजीव को लगता था कि संजय के आक्रामक राजनीतिक रवैये के कारण इंदिरा दबाव में थीं और खुद को राजनीतिक रूप से घिरा हुआ महसूस कर रही थीं।
राजीव की सलाह पर चुनाव कराने का फैसला
सोनिया गांधी ने दिसंबर 1976 के एक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए लिखा है कि क्रिसमस के बाद इंदिरा गांधी ने राजीव से अपनी चिंताएं साझा की थीं। एक शाम अध्ययन कक्ष में बातचीत के दौरान इंदिरा ने कहा कि वह थक चुकी हैं और अब यह सब बहुत हो गया है।
उन्होंने राजीव को बताया कि वह चुनाव कराने की संभावनाओं पर विचार कर रही हैं और इस बारे में उनकी राय जानना चाहती हैं। राजीव ने चुनाव कराने का समर्थन किया। उनका मानना था कि इससे देश में राजनीतिक तनाव कम हो सकता है, भले ही कांग्रेस को चुनाव में हार का सामना करना पड़े।
इसके विपरीत संजय गांधी तत्काल आपातकाल हटाने के पक्ष में नहीं थे। इसके बावजूद इंदिरा गांधी ने 18 जनवरी 1977 को राजनीतिक बंदियों की रिहाई और लोकसभा चुनाव कराने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही आपातकाल समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
प्रेस सेंसरशिप और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियों का भी जिक्र
सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में 26 जून 1975 की सुबह का भी उल्लेख किया है। आपातकाल लागू होने के बाद विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियां शुरू हुईं, बंदी प्रत्यक्षीकरण के अधिकार को निलंबित किया गया और प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी गई।
उनके संस्मरण के मुताबिक, आपातकाल के दौरान लिए गए फैसलों ने न केवल देश की राजनीति को प्रभावित किया, बल्कि इंदिरा गांधी और उनके परिवार के भीतर भी कई तरह के तनाव पैदा किए। संजय गांधी का बढ़ता प्रभाव, राजीव और संजय के रिश्तों में बदलाव तथा अंततः चुनाव कराने का फैसला उस दौर के महत्वपूर्ण राजनीतिक और पारिवारिक पहलुओं को सामने लाता है।


