बेंगलुरु। बेंगलुरु से लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। शनिवार को विमान के टॉयलेट में धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने एहतियातन फ्लाइट को वापस बेंगलुरु लौटाने का फैसला किया। विमान के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरते ही टर्मिनल-1 पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को अपने नियंत्रण में लेकर अलग स्थान पर खड़ा कराया और उसकी जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E-451 बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान क्रू मेंबर्स की नजर विमान के टॉयलेट में रखे एक नोट पर पड़ी। इसमें विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्रू मेंबर्स ने तत्काल पायलट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विमान को गंतव्य तक ले जाने के बजाय वापस बेंगलुरु लाने का निर्णय लिया गया।
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया। निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर यात्रियों और विमान की सुरक्षा जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा नोट किसने लिखा था और उसे विमान के टॉयलेट में किसने रखा।
एयरलाइंस ने कहा- सुरक्षा जांच के बाद ही रवाना होगी फ्लाइट
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6E-451 में सुरक्षा खतरे की सूचना मिली थी। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पायलटों ने विमान को उसके मूल एयरपोर्ट पर वापस लाने का फैसला किया।
प्रवक्ता के मुताबिक, विमान की जरूरी सुरक्षा जांच और संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ही उसे लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा। इस दौरान प्रभावित यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रोका गया है। ग्राउंड स्टाफ यात्रियों को जरूरी जानकारी देने के साथ जलपान की व्यवस्था भी कर रहा है।
एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि स्थिति सामान्य बनाने और यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे नोट की जांच कर रही हैं।


