नई दिल्ली । नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हो गए। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक (9 अफ्रीकी और 2 तुर्कमेनिस्तान के) शामिल हैं। घायलों में 19 की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग सुबह करीब 8:50 बजे होटल के बेसमेंट स्थित रेस्टोरेंट में लगी और देखते ही देखते छह मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे के दौरान कई लोग जान बचाने के लिए तीसरी और चौथी मंजिल से कूदते नजर आए। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों का इलाज मैक्स, एम्स और सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है।
होटल अग्निकांड मुख्य बातें
-21 लोगों की मौत, 35 घायल
-मृतकों में 11 विदेशी नागरिक
-होटल मालिक लवकेश बजाज हिरासत में
-होटल के पास फायर NOC नहीं थी
-लाइसेंस 6 कमरों का, संचालित हो रहे थे 25 कमरे
-40 लोगों का रेस्क्यू, 10 पुलिसकर्मी भी घायल
जांच में सामने आईं बड़ी लापरवाहियां
-होटल में फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया था।
-प्रवेश और निकास के लिए केवल एक संकरा रास्ता था।
-बेसमेंट रेस्टोरेंट में आग लगने के बाद धुआं तेजी से पूरी इमारत में फैल गया।
-पुलिस ने होटल मालिक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


