वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक AI-जनरेटेड वीडियो शेयर किया, जो केवल एक मिनट लंबा है, लेकिन बेहद ध्यान खींचने वाला है। वीडियो में ट्रम्प भारत की सड़कों पर बाइक चलाते, शेर की सवारी करते, रेगिस्तान में ऊंट पर बैठे और पैराग्लाइडिंग करते दिखाए गए।
इस वीडियो में ट्रम्प को स्पेससूट पहनकर चांद पर अमेरिकी झंडा लगाने के दृश्य भी दिखाए गए। साथ ही उनका चेहरा पिज्जा, बस, होर्डिंग, माउंट रशमोर और नॉर्दर्न लाइट्स जैसी जगहों पर भी दिखता है।
वीडियो के बैकग्राउंड में ‘एवरीबडी लव्स डोनाल्ड ट्रम्प’ नाम का गाना चल रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि दुनिया भर में लोग ट्रम्प को पसंद करते हैं। गाने में ‘ट्रम्प’ शब्द 45 बार और ‘डोनाल्ड’ नाम 29 बार सुनाई देता है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह गाना ट्रुथ सोशल पर ‘ac132’ नाम के यूजर ने बनाया था। वीडियो के अंत में इसका क्रेडिट एंथनी कॉन्स्टैंटिनो को दिया गया है, जो न्यूयॉर्क से ट्रम्प समर्थित रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं मिली। कुछ ने इसे मजेदार और मनोरंजक बताया, जबकि कई ने इसे ट्रम्प की आत्म-प्रचार वाली पोस्ट करार दिया। एक यूजर ने लिखा कि वीडियो में ट्रम्प किसी कॉमिक बुक के सुपरहीरो की तरह दिख रहे हैं। यह पहला मौका नहीं है जब ट्रम्प ने AI-जनरेटेड कंटेंट साझा किया हो। पिछले महीनों में उन्होंने कई ऐसे पोस्ट किए हैं, जिनमें खुद को जेम्स बॉन्ड, जीसस और ‘ग्रेटेस्ट अट्रैक्शन’ जैसी भूमिकाओं में दिखाया। अप्रैल में उनका AI-जनरेटेड फोटो विवादों में भी रहा था।


