एनएसए का गोपनीय नेटवर्क ऑफलाइन, बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं प्रभावित; एफएए की खराबी से 10 हजार उड़ानों पर असर, एपल-गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के यूजर्स भी परेशान
वाशिंगटन। अमेरिका में लगातार हो रही तकनीकी गड़बड़ियों ने आसमान से जमीन तक जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) का गोपनीय नेटवर्क बंद हो गया, जेपी मॉर्गन चेज की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं में रुकावट आई और एपल, गूगल तथा माइक्रोसॉफ्ट की डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। विमानन क्षेत्र में तकनीकी खराबी से करीब 10 हजार उड़ानों पर असर पड़ा। इन घटनाओं ने अमेरिकी डिजिटल और तकनीकी ढांचे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
10 हजार उड़ानों पर पड़ा असर
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) के राउटर में खराबी के कारण हवाई यातायात कई घंटे प्रभावित रहा। इससे करीब 10 हजार उड़ानों पर असर पड़ा। वहीं, यूनाइटेड एयरलाइंस के विमानों के वजन और संतुलन की गणना करने वाले सिस्टम में खराबी से उड़ानों के प्रस्थान में देरी हुई। यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
एनएसए का गोपनीय नेटवर्क बंद
राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी का आंतरिक नेटवर्क एनएसएनेट मंगलवार को निर्धारित रखरखाव के दौरान तकनीकी खराबी के कारण ऑफलाइन हो गया। इसका इस्तेमाल एजेंसी के कर्मचारी गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए करते हैं। अमेरिकी रक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नियमित सिस्टम पैचिंग के दौरान कुछ आंतरिक प्रणालियां प्रभावित हुईं। हालांकि, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण क्षमताएं चालू रहीं। अधिकारियों ने इसे तकनीकी समस्या बताया है, साइबर हमला नहीं।
एपल, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट भी प्रभावित
एपल की आईक्लाउड, एपल पे, एपल म्यूजिक, एपल कार्ड और ऐप स्टोर सेवाओं में रुकावट आई। कंपनी ने इसकी वजह आंतरिक सॉफ्टवेयर अपडेट को बताया। कई यूजर्स अपने खातों में लॉगइन नहीं कर सके। कंपनी के मुताबिक, ज्यादातर सेवाएं बहाल कर दी गईं।
गूगल की जीमेल और सर्च सेवाओं में भी लॉगइन तथा कनेक्टिविटी की समस्याएं सामने आईं। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक, टीम्स और कोपायलट सेवाएं 70 से अधिक देशों में प्रभावित हुईं। कंपनी ने सॉफ्टवेयर और नेटवर्क संबंधी खामियों को इसकी वजह बताया।
जेपी मॉर्गन की ऑनलाइन बैंकिंग में रुकावट
जेपी मॉर्गन चेज के सिस्टम में सॉफ्टवेयर बग के कारण ग्राहक बैंक बैलेंस देखने, भुगतान करने और रकम ट्रांसफर करने में परेशान हुए। इसका असर बैंक से जुड़े लेन-देन करने वाले दूसरे बैंकों के ग्राहकों पर भी पड़ा।
साइबर हमले के प्रमाण नहीं
अमेरिकी गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन के मुताबिक, इन प्रमुख तकनीकी घटनाओं में साइबर हमले के सबूत नहीं मिले हैं। अलग-अलग घटनाओं के बीच किसी साझा संबंध की भी पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल इन्हें स्वतंत्र तकनीकी खामियों का नतीजा माना जा रहा है। हालांकि, इन घटनाओं ने स्पष्ट कर दिया है कि डिजिटल व्यवस्था में छोटी-सी तकनीकी चूक भी राष्ट्रीय सुरक्षा, विमानन, बैंकिंग और आम जनजीवन को बड़े पैमाने पर प्रभावित कर सकती है।


