भोपाल। बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत को पहली स्वदेशी वैक्सीन मिल गई है। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने H5N1 वायरस से बचाव के लिए देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को लॉन्च कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
इसे पोल्ट्री उद्योग को बर्ड फ्लू के खतरे से बचाने और बीमारी के प्रसार पर नियंत्रण की दिशा में बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि माना जा रहा है।
बर्ड फ्लू से होने वाले नुकसान पर लगेगी लगाम
H5N1 वायरस का संक्रमण मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए गंभीर खतरा है। संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो जाती है, जबकि बीमारी पर नियंत्रण के लिए संक्रमित क्षेत्रों में पक्षियों को नष्ट भी करना पड़ता है। इससे पोल्ट्री कारोबार और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध होने से मुर्गियों को H5N1 संक्रमण से सुरक्षा देने और बीमारी के प्रसार को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान में भी कमी आ सकती है।
देश में 500 से ज्यादा बर्ड फ्लू प्रकोप
भारत में वर्ष 2006 से अब तक H5N1 और H5N8 वायरस के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बावजूद H5N1 के खिलाफ देश में अपनी स्वदेशी वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए भोपाल के NIHSAD के वैज्ञानिकों ने यह वैक्सीन विकसित की है।
इस उपलब्धि से बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए भारत को स्वदेशी तकनीक मिलेगी। साथ ही पोल्ट्री उद्योग की सुरक्षा मजबूत करने और बीमारी से होने वाले आर्थिक नुकसान को सीमित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


