भोपाल/सिवनी। सिवनी में होटल संचालक से कथित वसूली और होटल में मौजूद कपल को गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने के मामले में पुलिस विभाग पर कार्रवाई तेज हो गई है। वायरल वीडियो के आधार पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एएसपी, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले जबलपुर रेंज के आईजी ने थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया था। अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। वायरल वीडियो में प्रथम दृष्टया संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद छह पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी की कार्रवाई के बाद सीएम का हस्तक्षेप
पुलिस अधिकारियों और होटल संचालक के बीच बातचीत का वीडियो वायरल होने के बाद जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने बुधवार को थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। साथ ही एसपी और एसडीओपी की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी को सौंपी गई थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब एएसपी और एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच होगी।
हर महीने 25 हजार रुपये मांगने का आरोप
मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल संचालक संजय सनोडिया ने आरोप लगाया था कि पुलिस अधिकारियों ने उनसे हर महीने 25-25 हजार रुपये देने की मांग की। उन्होंने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंचार्ज विजय तिवारी पर वसूली का आरोप लगाया था। संचालक के मुताबिक, टीआई और एसडीओपी को 10-10 हजार रुपये दिए भी गए थे।
कपल को गांजा रखकर फंसाने की धमकी
होटल के सीसीटीवी फुटेज में पुलिसकर्मी वहां मौजूद एक बालिग कपल को कथित तौर पर धमकाते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने की बात सामने आई है। होटल संचालक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप भी लगाया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों को मर्यादा, जवाबदेही और अनुशासन के साथ काम करना होगा। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


