भोपाल। विदिशा से भोपाल की ओर आ रहे एक पिकअप वाहन में गोवंश के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। सूखी सेवनिया टोल टैक्स के पास पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली तो उसमें नौ गोवंश मिले। इनमें आठ जीवित थे, जबकि एक की मौत हो चुकी थी। बजरंग दल कार्यकर्ताओं की सूचना पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप जब्त कर लिया। घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब दो बजे की है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि लोडिंग पिकअप (एमपी41-जेडसी-4638) में गोवंश भरकर विदिशा की तरफ से भोपाल लाए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और पुलिस टीम के साथ विदिशा रोड स्थित सूखी सेवनिया टोल टैक्स पहुंच गए। कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें गोवंश भरे मिले।
एक गोवंश की मौत, आठ गौशाला पहुंचाए
वाहन से गोवंश बाहर निकलवाने के बाद उनकी गिनती की गई। कुल नौ गोवंश मिले, जिनमें एक मृत अवस्था में था। पुलिस ने मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराने के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को बुलाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद जीवित मिले आठ गोवंश को जीवदया गौशाला पहुंचाया गया।
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन जब्त
पुलिस ने पिकअप चालक लकी राठौर (18), निवासी ग्राम धर्मपुरी, थाना सांवेर, जिला इंदौर को गिरफ्तार किया है। उसके साथ रामवीर मीना (26), निवासी भटमड़ा तथा शीतांशु ठाकुर और अजब सिंह ठाकुर (दोनों 21 वर्ष) को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवंश के अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पिकअप वाहन के साथ रस्सी और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।


