तेहरान/वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष अब सिर्फ मिसाइल और हवाई हमलों तक सीमित नहीं रह गया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव में अब पानी जैसे बुनियादी संसाधन भी निशाने पर आ गए हैं। ईरान ने दावा किया है कि अमेरिकी हवाई हमले में होर्मोजगान प्रांत स्थित बोंजी डिसैलिनेशन प्लांट को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे करीब 20 गांवों के 10 हजार लोगों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
वहीं कुवैत ने आरोप लगाया है कि ईरान ने उसके पानी साफ करने वाले प्लांट को लगातार दूसरे दिन निशाना बनाया है। कुवैत जैसे रेगिस्तानी देश में करीब 90 प्रतिशत पीने का पानी समुद्री खारे पानी को डिसैलिनेशन प्रक्रिया से साफ करके प्राप्त किया जाता है। ऐसे में जल संयंत्रों पर हमला वहां के लोगों के लिए गंभीर संकट पैदा कर सकता है।
पिछले 24 घंटे में युद्ध के पांच बड़े अपडेट
1. अमेरिकी हमले में चाबहार पोर्ट के कंट्रोल टावर को नुकसान
ईरान के चाबहार बंदरगाह पर अमेरिकी एयरस्ट्राइक में कंट्रोल टावर को नुकसान पहुंचने की खबर है। ईरान के अनुसार यह टावर बंदरगाह पर आने-जाने वाले व्यावसायिक जहाजों की निगरानी करता था।
2. भारत से जुड़े चाबहार टर्मिनल को नुकसान नहीं
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी हमले में चाबहार पोर्ट के शाहिद बेहेश्ती टर्मिनल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। यह टर्मिनल भारत की रणनीतिक और व्यापारिक परियोजनाओं से जुड़ा है।
3. ईरान ने बिजली बचाने की अपील की
ईरान ने स्वीकार किया है कि उसके ऊर्जा ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इसके बाद सरकार ने दक्षिणी प्रांतों में नागरिकों से बिजली की खपत कम करने की अपील की है।
4. ब्रिटेन में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड पर सख्ती
ब्रिटेन ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा घोषित किया है। इसके समर्थन को अपराध की श्रेणी में रखा गया है।
5. ईरान का कतर स्थित अमेरिकी एयरबेस पर हमला
ईरान ने दावा किया है कि उसने कतर में मौजूद अमेरिकी अल उदैद एयरबेस को निशाना बनाया। ईरान के मुताबिक हमले में अमेरिकी सैन्य उपकरणों और मिसाइल सिस्टम को नुकसान पहुंचा है।
युद्ध खत्म होने तक सार्वजनिक नहीं होंगे मुजतबा खामेनेई
ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई सुरक्षा कारणों से फिलहाल सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहेंगे। रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका और इजराइल के साथ जारी संघर्ष खत्म होने तक उनकी सार्वजनिक मौजूदगी सीमित रहेगी।
सूत्रों का कहना है कि मुजतबा खामेनेई का पहला बड़ा कूटनीतिक संपर्क रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हो सकता है।
पाकिस्तान और कुवैत ने की युद्ध रोकने की अपील
होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान और कुवैत ने अमेरिका और ईरान से संयम बरतने की अपील की है।
दोनों देशों ने संघर्ष को बढ़ाने वाले कदमों से बचने और पहले हुए समझौतों का सम्मान करने की बात कही। कुवैत ने अपने तेल ठिकानों, बिजलीघरों और जल संयंत्रों पर हुए हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया।
ईरान ने अमेरिका के साथ समझौते से पीछे हटने का किया ऐलान
ईरान ने अमेरिका के साथ हुए पिछले समझौते को खत्म करने की घोषणा की है। ईरानी उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अमेरिका ने समझौते का उल्लंघन किया, इसलिए तेहरान अब उसकी शर्तों का पालन नहीं करेगा।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी संकेत दिया था कि दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम समाप्त हो चुका है।
तेहरान में ट्रम्प परिवार को ताबूत में दिखाने वाला होर्डिंग
अमेरिका के खिलाफ ईरान ने एक नया प्रचार अभियान शुरू किया है। तेहरान में लगाए गए एक होर्डिंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनके परिवार को ताबूतों में दिखाया गया है।
होर्डिंग पर फारसी भाषा में “खून के बदले खून” लिखा गया है। इससे पहले भी ईरान में ट्रम्प को लेकर इसी तरह के विवादित पोस्टर लगाए जा चुके हैं।


