वॉशिंगटन डीसी। अमेरिका ने अपनी 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाई। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे देश में परेड, एयर शो, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष समारोह आयोजित किए गए। मुख्य आयोजन राजधानी वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल में हुआ, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए अमेरिका की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कम्युनिज्म पर तीखा हमला बोला।
बारिश और खराब मौसम के कारण कार्यक्रम में कुछ देर हुई, लेकिन मौसम साफ होने के बाद समारोह शुरू हुआ और शानदार आतिशबाजी के साथ जश्न अपने चरम पर पहुंच गया।
ट्रम्प बोले- अमेरिका में कम्युनिज्म के लिए कोई जगह नहीं
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका हमेशा स्वतंत्रता, लोकतंत्र और राष्ट्रवाद के मूल्यों पर आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कम्युनिज्म अमेरिकी व्यवस्था के बिल्कुल विपरीत विचारधारा है और अमेरिकी सैनिकों ने दुनिया के कई हिस्सों में इसके खिलाफ संघर्ष किया है।
उन्होंने कहा, “कम्युनिज्म हमेशा हारता आया है और आगे भी हारता रहेगा। अमेरिका में इसके लिए कोई स्थान नहीं है।”
250 साल के जश्न में देशभर में हुए भव्य आयोजन
स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अमेरिका के सभी 50 राज्यों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। न्यूयॉर्क में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की भव्य परेड निकाली गई, जिसमें भारत सहित कई देशों के जहाज शामिल हुए।
फिलाडेल्फिया में एक टाइम कैप्सूल जमीन में दफन किया गया, जिसे अब 250 साल बाद खोला जाएगा। इसमें आईफोन, कोका-कोला और आम अमेरिकी नागरिकों से जुड़ी कई ऐतिहासिक वस्तुएं सुरक्षित रखी गई हैं।
40 मिनट तक चली रिकॉर्ड आतिशबाजी
समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण वॉशिंगटन डीसी में आयोजित विशाल फायरवर्क शो रहा। करीब 40 मिनट तक चले इस आयोजन में 8.5 लाख से अधिक फायरवर्क शेल दागे गए।
इसके लिए राजधानी में 50 अलग-अलग लॉन्चिंग पॉइंट बनाए गए थे, जिनमें पोटोमैक नदी में स्थापित विशेष प्लेटफॉर्म भी शामिल थे। शो के दौरान हर सेकेंड सैकड़ों रंग-बिरंगे फायरवर्क्स ने आसमान को लाल, सफेद और नीले रंग में रंग दिया। व्हाइट हाउस ने इसे अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा स्वतंत्रता दिवस आतिशबाजी समारोह बताया।
ट्रम्प के भाषण की प्रमुख बातें
-अमेरिका में कम्युनिज्म के लिए कोई जगह नहीं होने की बात दोहराई।
-पिछले 250 वर्षों की उपलब्धियों और वैश्विक नेतृत्व का उल्लेख किया।
-देश के संस्थापक नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।
-राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
-शहीद सैनिकों और गोल्ड स्टार परिवारों को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
2016 से चल रही थी तैयारियां
अमेरिका की 250वीं स्वतंत्रता वर्षगांठ के इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां 2016 से शुरू हो गई थीं। समारोह के लिए अमेरिकी कांग्रेस ने 150 मिलियन डॉलर (करीब 1,250 करोड़ रुपये) का बजट मंजूर किया था। इसके अलावा कई निजी कंपनियों ने भी आयोजन में आर्थिक सहयोग दिया।


