अगरतला। त्रिपुरा में शुक्रवार सुबह सात बजे से नगरीय निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनाव में अगरतला नगर निगम सहित 16 शहरी स्थानीय निकायों की 268 सीटों पर मतदान हो रहा है।
चुनाव में कुल 733 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके राजनीतिक भविष्य का फैसला राज्य के 5.56 लाख मतदाता करेंगे। अगरतला नगर निगम में 51 वार्ड हैं।
सभी मतदान केंद्रों पर शुरू हुई वोटिंग
राज्य चुनाव आयोग के सचिव अनुराग सेन ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
चुनाव में करीब 4,600 मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की 39 कंपनियां भी शामिल हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।


