भोपाल। राजधानी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में 22 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा ने विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर रातीबड़ पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी आनंददीप सिंह भामरा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़िता के मुताबिक, विश्वविद्यालय परिसर में ही उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य परिचय हुआ, जो बाद में दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गया। आरोप है कि आरोपी छोटे-मोटे कामों में मदद करने के बहाने छात्रा के करीब आया और उससे नजदीकियां बढ़ाईं।
तलाक लेकर शादी करने का दिया था भरोसा
छात्रा ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त को आरोपी ने जल्द शादी करने का भरोसा देकर विश्वविद्यालय परिसर स्थित अपने क्वार्टर में उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया। आरोपी पहले से शादीशुदा था। उसने छात्रा से अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का वादा किया था।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी शादी का भरोसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। बाद में जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने इससे इनकार कर दिया।
इसके बाद छात्रा ने रातीबड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।


