काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा के रिंग रोड पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक टैंकर पलटने के बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास चल रही कई कारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हादसा ग्रेटर काहिरा के अल-वर्राक इलाके में हुआ। यहां रिंग रोड पर पेट्रोलियम उत्पादों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद वाहन में आग भड़क उठी और आसपास के वाहनों तक फैल गई। यह रिंग रोड काहिरा, गीजा और कल्यूबिया प्रांतों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।
जलती कारों से लोगों को निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में कई कारें घिर गईं। बचाव और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर जलते वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। एसोसिएटेड प्रेस के वीडियो में दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए मशक्कत करते दिखाई दिए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति जाहिर की।
दमकलकर्मियों ने आग पर पाया काबू
मंत्रालय के मुताबिक, आग गीजा के अल-वर्राक जिले में एक सुरंग के ऊपर लगी थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मिस्र में सड़क हादसे बड़ी चुनौती
मिस्र में तेज रफ्तार, यातायात नियमों के पालन में लापरवाही और सड़कों की खराब स्थिति को सड़क हादसों की प्रमुख वजहों में गिना जाता है। पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने यातायात का दबाव कम करने और तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार की जरूरतों को पूरा करने के लिए नए हाईवे और पुलों का निर्माण कराया है।
इन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से कई क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है, लेकिन सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।


