नई दिल्ली। पैकेट बंद खाद्य पदार्थों में फैट, चीनी और नमक की अधिक मात्रा अब उपभोक्ताओं से छिप नहीं सकेगी। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को खाद्य उत्पादों पर फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) लागू करने की दिशा में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत निर्धारित सीमा से अधिक फैट, शुगर और नमक वाले उत्पादों के पैकेट पर सामने की ओर अलग-अलग लाल हेक्सागोनल चेतावनी चिह्न लगाने होंगे। इन पर स्पष्ट रूप से ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ और ‘HIGH SALT’ लिखा जाएगा।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने ‘3एस एंड अवर हेल्थ सोसाइटी’ की जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि चेतावनी लेबल ऐसे होने चाहिए, जिन्हें उपभोक्ता खरीदारी के समय आसानी से देख और समझ सकें।
तीनों पोषक तत्वों के लिए अलग-अलग चेतावनी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग के सामने अलग-अलग षट्कोणीय (हेक्सागोनल) चेतावनी चिह्न लगाने होंगे। इनमें संबंधित पोषक तत्व की अधिक मात्रा की जानकारी दी जाएगी।
अलग-अलग लेबल: फैट, शुगर और सॉल्ट के लिए अलग-अलग चेतावनी चिह्न अनिवार्य होंगे। एक संयुक्त प्रतीक पर्याप्त नहीं होगा।
लाल हेक्सागोन: चेतावनी चिह्न लाल रंग के षट्कोणीय आकार में होंगे।
स्पष्ट संदेश: प्रतीकों पर ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ और ‘HIGH SALT’ लिखा जाएगा।
लेबल का आकार: प्रत्येक प्रतीक पैकेट के मुख्य डिस्प्ले पैनल के अनुपात में 4 से 5 प्रतिशत आकार का होगा।
पढ़ने योग्य फॉन्ट: चेतावनी के शब्द इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि सामान्य खरीदारी के दौरान भी आसानी से पढ़े जा सकें।
कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट के आधार पर तय होगी सीमा
सुप्रीम कोर्ट ने पोषण संबंधी चेतावनी के मानक तय करने में भी स्पष्टता बरतने को कहा है। अदालत ने FSSAI को निर्देश दिया कि चीनी और फैट की सीमा निर्धारित करते समय केवल एडेड शुगर और एडेड फैट के बजाय कुल चीनी (टोटल शुगर) और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए।
पीठ ने कहा कि चेतावनी के मानक वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित होने चाहिए। इनकी सीमा न तो बहुत कम हो और न ही बहुत अधिक। यदि सीमा बहुत कम रखी गई तो बड़ी संख्या में खाद्य उत्पाद चेतावनी के दायरे में आ जाएंगे। इससे उपभोक्ता धीरे-धीरे चेतावनियों को नजरअंदाज करने लगेंगे। इसे लेबल फैटीग कहा जाता है।
वहीं, सीमा बहुत अधिक होने पर स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक मात्रा में फैट, शुगर या नमक वाले उत्पाद भी चेतावनी से बच सकते हैं।
FSSAI ने पहले दिया था दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव
FSSAI ने शुरुआत में चेतावनी लेबलिंग को दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव दिया था। पहले चरण में दो या उससे अधिक पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा पार करने वाले उत्पादों पर चेतावनी लगाने की योजना थी। बाद में किसी एक पोषक तत्व की अधिकता वाले उत्पादों को शामिल किया जाना था।
याचिकाकर्ता ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाए। इसके बाद FSSAI ने किसी एक पोषक तत्व की निर्धारित सीमा पार होने पर भी लाल हेक्सागोनल चेतावनी लगाने का प्रस्ताव तैयार किया। इसके लिए कनाडा के मॉडल और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (NIN) की 2024 की आहार संबंधी गाइडलाइंस को आधार बनाया गया।
नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों पर ‘CONTAIN NON CALORIC SWEETENER’ लिखने का प्रस्ताव भी शामिल है। अधिसूचना जारी होने के बाद इसके स्वैच्छिक अनुपालन के लिए 365 दिन का समय देने का प्रस्ताव रखा गया है।
स्कूलों में भी बच्चों को सिखाएंगे पोषण का महत्व
सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में खानपान और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है। केंद्र सरकार को स्कूली पाठ्यक्रम में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा इंटरैक्टिव वर्कशॉप और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को व्यावहारिक पोषण संबंधी जानकारी देने को कहा गया है।
अदालत ने खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग एवं डिस्प्ले) विनियम, 2020 का प्रभावी और सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
FSSAI को 10 सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को नए नियमों के मसौदे पर हुई प्रगति की जानकारी देने और इस संबंध में औपचारिक हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 सप्ताह का समय दिया है।
इस प्रक्रिया के आगे बढ़ने पर पैकेज्ड फूड और एफएमसीजी कंपनियों को अपने उत्पादों की पैकेजिंग में बदलाव करना पड़ सकता है। नए चेतावनी लेबल लागू होने से उपभोक्ता खरीदारी के समय आसानी से पहचान सकेंगे कि किसी खाद्य उत्पाद में फैट, चीनी या नमक की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक है।


