भोपाल। Women’s Asian Champions Trophy 2026; महिला हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम का सामना मलेशिया से होगा। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस मुकाबले में भारत की नजर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाने पर होगी। जीत के साथ ही भारतीय टीम खिताब बचाने से एक कदम दूर पहुंच जाएगी।
भारतीय टीम ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते और 15 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। अब टीम के सामने लगातार दूसरी बार खिताब जीतने और प्रतियोगिता में चौथी बार चैंपियन बनने का मौका है।
मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया है। टीम ने पांच मुकाबलों में कुल 23 गोल किए, जबकि विरोधी टीमें उसके खिलाफ केवल चार गोल कर सकीं। इस तरह भारत का गोल अंतर +19 रहा। टीम का आक्रामक खेल और मजबूत रक्षापंक्ति उसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है।
दीपिका आठ गोल के साथ शीर्ष स्कोरर
भारतीय टीम की ओर से दीपिका सर्वाधिक प्रभावशाली खिलाड़ी रही हैं। वह अब तक आठ गोल कर चुकी हैं। इसमें थाईलैंड और चीन के खिलाफ लगाई गई हैट्रिक भी शामिल है। हालांकि भारतीय टीम की गोल करने की जिम्मेदारी केवल दीपिका पर निर्भर नहीं रही। लालरेमसियामी, नवनीत कौर, मुमताज खान, नेहा, साक्षी राणा और सुनेलिता टोप्पो ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
मिडफील्ड में नवनीत कौर ने गोल के मौके बनाने और पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं कप्तान सलीमा टेटे ने बेहतर मूवमेंट, सटीक पासिंग और नेतृत्व क्षमता से टीम को मजबूती दी है। सेमीफाइनल में भारत की रणनीति मिडफील्ड पर नियंत्रण बनाए रखते हुए मलेशिया की रक्षापंक्ति को भेदने की होगी। पेनल्टी कॉर्नर का प्रभावी इस्तेमाल भी जीत की राह आसान कर सकता है।
आखिरी मैच में थाईलैंड को 4-0 से हराया
मलेशिया ने लीग चरण में सात अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया। टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला, जबकि दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। अपने आखिरी लीग मुकाबले में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मैच में खास बात यह रही कि उसने अंतिम छह मिनट में ही चारों गोल दागे। इससे टीम की अंतिम समय तक आक्रामक बने रहने की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मलेशिया की ओर से नुरामिराह जुल्किफ्ली चार गोल के साथ प्रमुख स्कोरर हैं। इसके अलावा नूर अजार, अजमीरा अजैरी, सिटी मोहम्मद और नूरमैजातुल स्याफी भी गोल कर चुकी हैं। ऐसे में भारतीय रक्षापंक्ति को पूरे मुकाबले में सतर्क रहना होगा।
लीग मुकाबले में भारत ने दी थी 4-1 से शिकस्त
भारत और मलेशिया के बीच इसी प्रतियोगिता में 19 नवंबर को लीग मुकाबला खेला गया था। इसमें भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। सेमीफाइनल में भी भारत उसी प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से उतरेगा। हालांकि नॉकआउट मुकाबले का दबाव और परिस्थितियां अलग होती हैं। ऐसे में भारतीय टीम मलेशिया को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहेगी।
चौथी बार खिताब जीतकर रच सकता है इतिहास
भारतीय महिला हॉकी टीम अब तक 2016, 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। तीन खिताब के साथ भारत दक्षिण कोरिया के बराबर है। यदि भारतीय टीम इस बार भी चैंपियन बनती है तो वह चार खिताब के साथ प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बन जाएगी। घरेलू मैदान पर खिताब बचाने के इस अभियान में अब भारतीय खिलाड़ियों की नजर सेमीफाइनल की चुनौती पार कर फाइनल में पहुंचने पर है।


