नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। संसद के आगामी सत्र से पहले होने वाली इस बैठक में सरकार के विधायी एजेंडे, महत्वपूर्ण विधेयकों और सदन में अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर भी विचार-विमर्श हो सकता है।
महिला आरक्षण विधेयक पर नजर
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, संसद सत्र से पहले होने वाली कैबिनेट बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा संभव है। सरकार इस विधेयक को लेकर अपनी रणनीति और आगे की कार्ययोजना पर मंथन कर सकती है।
30 नवंबर से फिर शुरू हो सकती है संसद की कार्यवाही
इससे पहले गुरुवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। आवश्यक सरकारी कामकाज के मद्देनजर संसद की कार्यवाही गुरुवार, 3 दिसंबर तक चल सकती है।
मंत्रियों को दिए जा चुके हैं निर्देश
प्रधानमंत्री मोदी पहले ही सभी मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले अपने-अपने मंत्रालयों के लंबित विधायी और प्रशासनिक काम पूरे करने की सलाह दे चुके हैं। साथ ही उन्हें अनावश्यक विदेश यात्राओं से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शुक्रवार की बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के लंबित प्रस्तावों और विधेयकों की प्रगति की समीक्षा हो सकती है। सरकार की कोशिश है कि संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
विपक्ष भी बना रहा रणनीति
संसद सत्र को लेकर विपक्षी दल भी सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में पार्टी के संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में संसद के आगामी सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों और विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।


