नई दिल्ली। लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाने को लेकर परिसीमन का एक नया फॉर्मूला चर्चा में है। इसके तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मौजूदा लोकसभा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव है। यदि इस फॉर्मूले को मंजूरी मिलती है तो लोकसभा की कुल सीटें 543 से बढ़कर 824 हो सकती हैं। इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि किसी भी राज्य की मौजूदा सीटें कम नहीं होंगी। इससे दक्षिण भारत के राज्यों को भी प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान नहीं उठाना पड़ेगा।
सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन को लेकर तैयार किए गए संभावित विकल्पों में दो प्रमुख फॉर्मूलों का तुलनात्मक अध्ययन किया गया है। पहले विकल्प में 2011 की जनगणना के आधार पर जनसंख्या के अनुपात में लोकसभा सीटों का पुनर्वितरण शामिल है, जबकि दूसरे विकल्प में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि का प्रस्ताव है।
जनसंख्या आधारित परिसीमन से दक्षिण भारत को नुकसान की आशंका
2011 की जनगणना के आधार पर आबादी के अनुपात में सीटों का पुनर्निर्धारण किया जाता है तो दक्षिण भारत के कई राज्यों का लोकसभा में प्रतिनिधित्व घट सकता है। अनुमान के अनुसार, तमिलनाडु की सात, केरल की पांच और आंध्र प्रदेश की चार सीटें कम हो सकती हैं। ओडिशा और पंजाब की सीटों में भी कमी आने की आशंका जताई गई है।
दक्षिण भारतीय राज्यों का तर्क है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में केवल आबादी को आधार बनाकर सीटों का पुनर्वितरण करना उनके साथ अन्याय होगा। इससे संसद में उनकी राजनीतिक भागीदारी और प्रभाव कम हो सकता है।
50 प्रतिशत बढ़ोतरी से राज्यों की सीटों का गणित बदलेगा
परिसीमन के दूसरे विकल्प के तहत प्रत्येक राज्य की मौजूदा लोकसभा सीटों को 1.5 से गुणा करने का प्रस्ताव है। इस फॉर्मूले के अनुसार प्रमुख राज्यों की सीटों में संभावित बदलाव इस प्रकार होंगे।
-उत्तर प्रदेश: 80 से बढ़कर 120 सीटें।
-महाराष्ट्र: 48 से बढ़कर 72 सीटें।
-पश्चिम बंगाल: 42 से बढ़कर 63 सीटें।
-बिहार: 40 से बढ़कर 60 सीटें।
-तमिलनाडु: 39 से बढ़कर 59 सीटें।
-मध्यप्रदेश: 29 से बढ़कर 44 सीटें।
-केरल: 20 से बढ़कर 30 सीटें।
-आंध्र प्रदेश: 25 से बढ़कर 38 सीटें।
इस व्यवस्था से उन राज्यों को भी अतिरिक्त सीटें मिलेंगी, जिनकी आबादी के अनुपात में परिसीमन होने पर मौजूदा सीटें घटने की आशंका है। इस तरह सभी राज्यों के प्रतिनिधित्व में समान अनुपात से वृद्धि हो सकेगी।
कैसे 824 तक पहुंचेगी लोकसभा की संख्या?
इस प्रस्ताव के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि की जाएगी। गणना में दशमलव आने पर अगले पूर्ण अंक तक संख्या बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संशोधित सीटों को जोड़ने पर लोकसभा की कुल सदस्य संख्या 824 तक पहुंचने का अनुमान है। वर्तमान में लोकसभा में 543 निर्वाचित सीटें हैं।
विशेष सत्र में परिसीमन पर होगी चर्चा
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इसमें महिला आरक्षण कानून में संशोधन और परिसीमन की प्रक्रिया से संबंधित विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रस्ताव रख रही है।
ऐसे में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत समान वृद्धि का फॉर्मूला परिसीमन की चर्चा में अहम विकल्प बनकर सामने आया है। हालांकि, अभी यह संभावित प्रस्ताव है। इस पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। यह स्पष्ट है कि परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या, राज्यों के प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन के बीच सामंजस्य बैठाना सरकार के सामने बड़ी चुनौती होगी।


