महाकाल से लेकर खजराना मंदिर तक विवाद, कर्मचारियों पर कार्रवाई, लेकिन रुद्राक्ष शुक्ला के रसूख के सामने सब नतमस्तक !
महेश दीक्षित
भोपाल। क्या राजनीतिक रसूख के आगे सरकार के नियम और भगवान के दरबार की मर्यादा भी मायने नहीं रखती? इंदौर (विधानसभा क्षेत्र-3) से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला (राकेश शुक्ला) के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला से जुड़े मंदिरों के विवादों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है। देवास के माता टेकरी मंदिर से लेकर उज्जैन के महाकालेश्वर और अब इंदौर के खजराना गणेश मंदिर तक उनके प्रवेश और व्यवहार को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। हर बार मंदिरों की व्यवस्था और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश को लेकर सवाल उठे, लेकिन कार्रवाई मुख्य रूप से मंदिर के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों पर हुई। ऐसे में बड़ा सवाल है कि भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के उदंड बेटे रुद्राक्ष शुक्ला पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
ताजा मामला 25 नवंबर 2026। का है। इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए प्रतिबंधित गर्भगृह में रुद्राक्ष शुक्ला के प्रवेश और पूजा करने का वीडियो सामने आया। इसके बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी लोगों के लिए नियमों के पालन को लेकर सवाल उठने लगे। सवाल यह था कि जब आम भक्तों को गर्भगृह में जाने की अनुमति नहीं है तो भाजपा विधायक के बेटे रुद्राक्ष को वहां प्रवेश कैसे मिला?
मामले के बाद मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा एजेंसी पर 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया, जबकि मुख्य सुरक्षा अधिकारी रवि प्रकाश का सात दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। पुजारियों, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। लेकिन भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के उदंड बेटे रुद्राक्ष शुक्ला पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्या उसका रसूख सरकार के नियमों और मंदिर की मर्यादा से ऊपर है।
तीन मंदिर, चार विवाद
रुद्राक्ष शुक्ला से जुड़े मंदिर विवादों की कड़ी यहीं खत्म नहीं होती
-अप्रैल 2025, देवास: माता टेकरी मंदिर में देर रात मंदिर का दरवाजा नहीं खोलने पर पुजारी से विवाद, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगे थे। पुलिस शिकायत के बाद माफी मांगने की बात सामने आई।
-जुलाई 2025, उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश और रोकने वाले मंदिर कर्मचारी को धमकाने के आरोपों को लेकर विवाद हुआ।
-नवंबर 2026, उज्जैन: महाकाल मंदिर के चांदी द्वार और प्रतिबंधित क्षेत्र के पास रील बनाने का वीडियो सामने आया।
-25 नवंबर 2026, इंदौर: खजराना गणेश मंदिर के प्रतिबंधित गर्भगृह में प्रवेश कर दर्शन-पूजन करने का वीडियो सामने आया।
सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई, विधायक पुत्र पर सवाल?
खजराना मंदिर की जांच में गर्भगृह से जुड़े सीसीटीवी कैमरे बंद और लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था में भी खामियां मिली हैं। अब प्रवेश मार्ग पर पांच सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का फैसला लिया गया है।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल विधायक पुत्र की जवाबदेही का है। यदि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश रोकने में नाकाम रहने पर सुरक्षाकर्मी बर्खास्त हो सकते हैं, अधिकारियों का वेतन कट सकता है और सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना लगाया जा सकता है, तो नियमों का उल्लंघन कर गर्भगृह में जबरन प्रवेश करने वाले भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के उदंड बेटे रुद्राक्ष शुक्ला पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या राजनीतिक रसूख के दबाव उन पर कोई जवाबदेही तय नहीं की गई?
मंदिर भगवान का दरबार है, जहां आम श्रद्धालु और रसूखदार सभी के लिए नियम समान होने चाहिए। ऐसे में बार-बार सामने आ रहे भाजपा विधायक के उदंड बेटे के विवादों और गतिविधियों ने प्रमुख मंदिरों की वीआईपी दर्शन व्यवस्था और राजनीतिक प्रभाव के इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


