रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। कुजू आउटपोस्ट थाना क्षेत्र के पैंकी के पास बिहार के नालंदा से आ रही एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार बच्चों और चार महिलाओं समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे।
रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन अनिल कुमार के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के रहने वाले थे। पूरा परिवार रामगढ़ के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
मंदिर दर्शन के लिए निकला था पूरा परिवार
मृतकों के एक परिजन के मुताबिक, परिवार बिहार शरीफ से रजरप्पा मंदिर में दर्शन करने के लिए निकला था। उन्हें हादसे की सूचना पुलिस अधीक्षक और स्थानीय थाने से फोन पर मिली। सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों और मीडिया से उन्हें परिवार के सदस्यों की मौत की जानकारी मिली।
स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
गुमला में ट्रक हादसे में चालक की हुई थी मौत
झारखंड में सड़क हादसे की यह घटना गुमला जिले में हुए एक अन्य दर्दनाक हादसे के कुछ दिनों बाद सामने आई है। कार्तिक उरांव कॉलेज के पास पालकोट रोड पर एक ट्रक की कार से टक्कर के बाद बिजली के खंभे से भिड़ंत हो गई थी। टक्कर के बाद ट्रक में भीषण आग लग गई और चालक अंदर ही फंस गया।
बताया गया कि ट्रक ओडिशा के राउरकेला से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ लोहे की छड़ें लेकर जा रहा था। सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में वह कार से टकरा गया और फिर 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से जा भिड़ा। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आग बुझने के बाद केबिन से चालक का कंकाल बरामद हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के नौली लालपुर निवासी 35 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई थी।


