भोपाल। मध्यप्रदेश में विकास योजनाओं की प्रगति परखने और भविष्य की विकास रणनीति तय करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 दिसंबर को कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस करेंगे। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नीति चिंतन शिविर-2026 में प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त, जिला पंचायत सीईओ और नगर निगम आयुक्त शामिल होंगे। शिविर में मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा के साथ अधिकारियों से जिलों की उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी कार्ययोजना का ब्यौरा लेंगे।
सरकार ने इस आयोजन के लिए आठ विषयगत समूह बनाए हैं। प्रत्येक समूह अपने निर्धारित विषयों पर चर्चा के बाद 10 मिनट का प्रेजेंटेशन देगा। इसमें विकास की प्राथमिकताओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कामकाज को बेहतर बनाने के सुझाव रखे जाएंगे।
विजन 2047 और अगले दो साल की कार्ययोजना पर जोर
नीति चिंतन शिविर का मुख्य फोकस समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 के दीर्घकालिक विजन और आगामी दो वर्षों के विकास रोडमैप पर रहेगा। अधिकारी अपने विभागों और जिलों की उपलब्धियों के साथ विकास की संभावनाओं तथा सामने आ रही चुनौतियों का खाका प्रस्तुत करेंगे।
मध्यप्रदेश राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. विक्रांत सिंह तोमर तकनीकी सत्रों में मॉडरेटर की भूमिका निभाएंगे। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहेंगे।
जिलों के सफल प्रयोग दूसरे क्षेत्रों में भी होंगे लागू
शिविर की तैयारी के तहत आठों समूहों में शामिल अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकें कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ अपने जिलों में किए गए नवाचारों और बेहतर कार्यों की जानकारी साझा करेंगे।
इन सफल प्रयोगों यानी बेस्ट प्रैक्टिस का आकलन कर यह भी देखा जाएगा कि उन्हें प्रदेश के दूसरे जिलों में किस तरह लागू किया जा सकता है। इसका उद्देश्य जिलों के बीच बेहतर प्रशासनिक अनुभवों और विकास के सफल मॉडलों का आदान-प्रदान करना है।
आठ प्रमुख क्षेत्रों में बनेगी विकास की रणनीति
सरकार ने विभिन्न विभागों को मिलाकर आठ विषयगत समूह बनाए हैं। इनमें उद्योग, कृषि, सेवा क्षेत्र, अवसंरचना एवं नगरीय विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुशासन, लोक सुरक्षा एवं लोक सेवा प्रदाय तथा वित्तीय नियोजन एवं संवर्धन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
इनके तहत औद्योगिक निवेश, खनिज संसाधन, एमएसएमई, कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास, कौशल विकास, रोजगार, ऊर्जा और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होगा।
शिविर में तैयार होने वाले सुझावों और कार्ययोजना के आधार पर प्रदेश के विकास की प्राथमिकताएं तय करने तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।


