नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार के परिसीमन विधेयक ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए सियासी समीकरणों की संभावनाएं बढ़ा दी हैं। प्रस्तावित संशोधन विधेयक संसद से पारित होता है तो देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की राजनीतिक ताकत में बड़ा इजाफा हो सकता है। लोकसभा से लेकर विधानसभा तक सीटों की संख्या बढ़ने से प्रदेश का राष्ट्रीय राजनीति में प्रभाव और मजबूत होगा। खास बात यह है कि यूपी में लोकसभा की मौजूदा 80 सीटें बढ़कर 120 और विधानसभा की 403 सीटें बढ़कर 604 हो सकती हैं। यानी विधानसभा में 201 नए निर्वाचन क्षेत्र जुड़ेंगे।
यूपी चुनाव से पहले परिसीमन की यह कवायद राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है। आबादी के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से प्रदेश की संसद में भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही राज्य की विधानसभा का स्वरूप भी पूरी तरह बदल सकता है। हालांकि, सीटों की यह संख्या फिलहाल प्रस्तावित गणित पर आधारित है। अंतिम निर्धारण परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।
201 नए विधानसभा क्षेत्र, बदल जाएगा चुनावी गणित
परिसीमन का सबसे बड़ा असर चुनावी राजनीति पर दिखाई देगा। विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ने से एक विधायक के निर्वाचन क्षेत्र का भौगोलिक दायरा और मतदाताओं का दबाव कम हो सकता है। वहीं लोकसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन से सांसदों के निर्वाचन क्षेत्र भी नए स्वरूप में सामने आएंगे।
इस बदलाव के साथ जातीय समीकरण, शहरी और ग्रामीण आबादी का अनुपात, महिला आरक्षण तथा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों का निर्धारण भी नए सिरे से हो सकता है। नए निर्वाचन क्षेत्रों के गठन से प्रदेश में कई नए राजनीतिक शक्ति केंद्र उभरेंगे। जाहिर है, सीटें बढ़ेंगी तो चुनावी दावेदारों की संख्या भी बढ़ेगी।
राज्यसभा की सीटें अपने आप नहीं बढ़ेंगी
लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी का राज्यसभा की सदस्य संख्या पर सीधा असर नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश के पास फिलहाल राज्यसभा की 31 सीटें हैं। राज्यसभा में राज्यों का प्रतिनिधित्व लोकसभा या विधानसभा की सदस्य संख्या के सीधे अनुपात में निर्धारित नहीं होता। इसके लिए अलग संवैधानिक और विधायी प्रक्रिया की जरूरत होगी।
हालांकि, विधानसभा की सदस्य संख्या बढ़ने से राज्यसभा चुनाव का गणित जरूर बदल जाएगा। अधिक विधायक होने से प्रत्याशियों को जिताने के लिए जरूरी मतों की संख्या और राजनीतिक दलों की रणनीति प्रभावित हो सकती है।
विधान परिषद की सदस्य संख्या 201 तक पहुंचने की संभावना
परिसीमन का असर उत्तर प्रदेश की विधान परिषद पर भी पड़ सकता है। संविधान के अनुच्छेद 171 के मुताबिक किसी राज्य की विधान परिषद की सदस्य संख्या उसकी विधानसभा की कुल सदस्य संख्या के एक तिहाई से अधिक नहीं हो सकती। साथ ही परिषद में सदस्यों की न्यूनतम संख्या 40 निर्धारित है।
उत्तर प्रदेश में फिलहाल विधान परिषद की 100 सीटें हैं। यदि विधानसभा की सदस्य संख्या बढ़कर 604 हो जाती है तो विधान परिषद की अधिकतम सदस्य संख्या 201 तक पहुंच सकती है। हालांकि, इसके लिए संबंधित संवैधानिक प्रावधानों के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के सामने बढ़ेंगी चुनौतियां
सीटों की संख्या बढ़ने का असर राजनीतिक दलों के संगठन, जनाधार और टिकट वितरण पर भी पड़ेगा। 201 नए विधानसभा क्षेत्रों के गठन का मतलब है कि चुनाव लड़ने के लिए नए अवसर पैदा होंगे। अब तक सीमित सीटों पर दावेदारी करने वाले नेताओं को नए राजनीतिक क्षेत्र मिल सकेंगे।
भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस को नए निर्वाचन क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने के साथ जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को नए सिरे से साधना होगा। स्थानीय प्रभावशाली चेहरों की तलाश और टिकट वितरण की रणनीति भी बदलनी पड़ेगी।


