मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया ने टूरिस्ट वीजा के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद वहां ठहरने की अवधि बढ़वाना संभव नहीं होगा। इसके साथ ही भारतीय यात्रियों के लिए रिटर्न टिकट रखना भी जरूरी होगा। नए प्रावधान शनिवार से लागू हो गए हैं। इन बदलावों का असर बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटकों पर पड़ने की संभावना है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में टूरिस्ट वीजा पर आने वाले यात्रियों को अब अपनी यात्रा की अवधि और वापसी की योजना पहले से स्पष्ट रखनी होगी। नए नियमों के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर वीजा की अवधि बढ़वाने का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। ऐसे में यात्रियों को वीजा में निर्धारित समय सीमा के भीतर ही देश छोड़ना होगा।
4.51 लाख भारतीय पहुंचे थे ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में करीब 4.51 लाख भारतीय नागरिक ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे। इसके मुकाबले वर्ष 2024 में यह संख्या लगभग तीन लाख थी। एक साल में भारतीय यात्रियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी को देखते हुए नए नियमों का असर भारत से जाने वाले पर्यटकों पर भी पड़ेगा।
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया अधिकतम 12 महीने की अवधि का टूरिस्ट वीजा जारी करता है। हालांकि, किसी यात्री को वास्तव में कितने समय तक वहां रहने की अनुमति मिलेगी, इसका फैसला वीजा जारी करने वाले अधिकारी करते हैं। इसलिए 12 महीने का वीजा मिलने का मतलब यह नहीं है कि यात्री को पूरे 12 महीने रहने की अनुमति भी मिल गई है।
टूरिस्ट वीजा की फीस 15 हजार रुपये से शुरू
ऑस्ट्रेलिया में टूरिस्ट वीजा के लिए आवेदन करने पर करीब 15 हजार रुपये से शुल्क शुरू होता है। वहीं, स्टूडेंट वीजा के लिए आवेदकों को लगभग 1.50 लाख रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इसके अलावा 26 अक्टूबर से भारत में ऑस्ट्रेलियाई वीजा आवेदन प्रक्रिया के तहत बायोमेट्रिक जांच का दायरा भी बढ़ाया गया है।
नए नियमों के बाद ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहे भारतीय यात्रियों को वीजा की शर्तों, निर्धारित प्रवास अवधि और वापसी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना होगा।


