रायपुर। अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के चर्चित महादेव ऑनलाइन बुक ऐप मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने छह राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ तलाशी लेकर सट्टेबाजी के सक्रिय पैनलों का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के भी सबूत मिले हैं।
सीबीआई के मुताबिक, यह कार्रवाई महादेव ऐप के प्रमुख प्रवर्तकों में शामिल मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई। ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सीबीआई ने उसे 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में सौंपा था। पूछताछ में ऐप के संचालन और भारत में फैले पैनल संचालकों के नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं।
तलाशी के दौरान कई स्थानों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के सक्रिय पैनल संचालित होते मिले। सीबीआई ने इन पैनलों को बंद करा दिया। जब्त डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों से संकेत मिले हैं कि सट्टेबाजी की रकम के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके अलावा हवाला नेटवर्क के जरिए सट्टेबाजी से अर्जित रकम विदेश भेजने का भी खुलासा हुआ है।
विदेश से संचालित होता था पूरा नेटवर्क
सीबीआई की अब तक की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था। भारत में इसके पैनल संचालकों का व्यापक नेटवर्क सक्रिय था। ये संचालक ग्राहकों की आईडी संभालने, सट्टेबाजी की रकम जमा कराने और लेन-देन की व्यवस्था करते थे। इसके लिए विशेष रूप से खोले गए या किराये पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। बाद में हवाला के माध्यम से मुनाफे की रकम विदेश भेजी जाती थी।
19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में सौरभ चंद्राकर
पुलिस हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार से मामला सीबीआई को स्थानांतरित किए जाने के बाद जांच एजेंसी ने महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के संबंध में दो प्राथमिकी दर्ज की थीं। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीबीआई विदेश में मौजूद आरोपियों, इस अवैध नेटवर्क को संचालित करने में मदद करने वाले लोगों और संबंधित लोक सेवकों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी की जा रही है।
बैंक खाते और सिम किराये पर देना भी अपराध
सीबीआई ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ खेलना गैरकानूनी है। ऐसी गतिविधियों के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी दूसरे व्यक्ति को देना अथवा किराये पर उपलब्ध कराना भी आपराधिक कृत्य है। ऐसा करने वालों के खिलाफ भी अभियोजन की कार्रवाई हो सकती है।


