भोपाल।MP Police Constable Recruitment 2026: मध्य प्रदेश में पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) 19 नवंबर 2026 से 7,500 आरक्षक पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा के एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने से तीन से चार दिन पहले जारी किए जाने की तैयारी है। अभ्यर्थी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
मंडल ने प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें, ताकि एडमिट कार्ड जारी होते ही उसे डाउनलोड कर सकें।
एसएएफ में 700, सामान्य श्रेणी में 6,800 पद
पुलिस आरक्षक भर्ती के तहत कुल 7,500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के 700 पद शामिल हैं। इन पदों पर केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन के पात्र हैं। वहीं, एसएएफ के अलावा अन्य श्रेणियों में आरक्षकों के 6,800 पद रखे गए हैं। भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
ऐसे डाउनलोड करें एमपी पुलिस कांस्टेबल एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड जारी होने के बाद अभ्यर्थी इन आसान चरणों का पालन कर सकते हैं।
– सबसे पहले MPESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in खोलें।
– होम पेज पर MP Police Constable Admit Card 2026 लिंक पर क्लिक करें।
-लॉगिन पेज पर अपना आवेदन क्रमांक और जन्मतिथि दर्ज करें।
-कैप्चा कोड भरकर सर्च बटन पर क्लिक करें।
-स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देने पर उसे डाउनलोड करें और प्रिंट निकाल लें।
एडमिट कार्ड में जरूर जांचें ये जानकारियां
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थी उसमें दर्ज अपना नाम, आवेदन क्रमांक, रोल नंबर, फोटो और हस्ताक्षर की जांच जरूर कर लें। इसके अलावा परीक्षा की तारीख, समय और परीक्षा केंद्र का पूरा पता भी ध्यान से देखें। एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र पर प्रवेश और परीक्षा से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को परीक्षा के दिन प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। किसी भी तरह की त्रुटि मिलने पर परीक्षा से पहले ही कर्मचारी चयन मंडल से संपर्क कर उसका निराकरण करा लेना चाहिए।


