जनजातीय गौरव दिवस पर डही में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया परियोजना का लोकार्पण
धार। जनजातीय गौरव दिवस पर मध्यप्रदेश के आदिवासी अंचल को सिंचाई और विकास की बड़ी सौगात मिली। धार जिले के डही में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना का लोकार्पण किया। इस परियोजना से धार और आलीराजपुर जिलों के 126 गांवों को नर्मदा का पानी मिलेगा। इससे हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलने के साथ कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, केंद्र सरकार की योजनाओं और देश में गरीबी उन्मूलन के प्रयासों का उल्लेख किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कुंवर विजय शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
126 गांवों की खेती को मिलेगा पानी का सहारा
डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन परियोजना के माध्यम से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जल के बिना खेती अधूरी है। पानी की कमी के कारण किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और कई बार ग्रामीणों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ता है। नर्मदा का पानी इस क्षेत्र तक पहुंचना किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धार, झाबुआ और आलीराजपुर क्षेत्र के प्रति विशेष स्नेह रहा है। हाल ही में सरदारपुर में लगभग चार हजार करोड़ रुपये की पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण किया गया था। अब डही में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की सिंचाई परियोजना शुरू होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि भारत का इतिहास जनजातीय वीरों के शौर्य और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं से भरा है। राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे नायकों का योगदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि 15 नवंबर 2021 से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई थी। अब यह दिवस राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप ले चुका है। देश अपनी विरासत और राष्ट्रीय गौरव को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा है।
पीएम ने कहा कि आजादी के आंदोलन में कोल आंदोलन और संथाल क्रांति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टंट्या भील, रानी गाइदेलियो, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे जनजातीय नायकों ने अपने संघर्ष और बलिदान से देश को दिशा दी। भगवान बिरसा मुंडा का योगदान आज भी करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा है।
जनजातीय क्षेत्रों में 30 हजार करोड़ के विकास कार्य
प्रधानमंत्री ने बताया कि देशभर में जनजातीय क्षेत्रों से जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है। इनकी कुल लागत लगभग 30 हजार करोड़ रुपये है। इनमें जनजातीय संग्रहालय, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार ने पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शुरू किया है। इन योजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। सरकार का लक्ष्य विकास की मुख्यधारा से दूर रह गए समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
पीएम बोले- 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के लगभग 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ भी बड़ी सफलता मिली है। इन बदलावों का सबसे सकारात्मक असर जनजातीय समाज पर पड़ा है।
उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों के लिए चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए हैं। देश के 18 हजार ऐसे गांवों तक बिजली पहुंचाई गई, जहां आजादी के बाद भी बिजली नहीं थी। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। देश में 1.75 लाख से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। मुद्रा योजना के जरिए बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर गरीबों और जनजातीय समुदाय के लोगों को स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ, महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी और जनजातीय कल्याण से जुड़े स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पण और सेवा भाव से काम करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।


