स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में पहला स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
उज्जैन। स्वच्छता के मामले में देशभर में अव्वल रहने वाले उज्जैन के सफाई मित्रों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी सौगात दी है। शहर के 54 वार्डों में स्वच्छता की जिम्मेदारी संभालने वाले करीब तीन हजार सफाईकर्मियों को सरकार पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देगी। इस तरह सफाई मित्रों को कुल 1.50 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को गीता भवन में आयोजित सम्मान समारोह में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनकी सेवाओं और मेहनत का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में सफाईकर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है।
मध्यप्रदेश के 9 शहरों को मिले स्वच्छता पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में देश के कुल 27 पुरस्कारों में से मध्यप्रदेश के नौ शहरों ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए हैं। उज्जैन ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं इंदौर लगातार दूसरी बार इसी श्रेणी में दूसरे स्थान पर रहा।
देपालपुर ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पिछले सर्वेक्षण में 1700वें स्थान पर रहने वाला यह शहर इस बार अपनी श्रेणी में पहले स्थान पर पहुंच गया। इसके अलावा देवास, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और बुधनी ने भी स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
जूठी पत्तल उठाना भी पुण्य का काम
मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों के कार्य को सेवा और पुण्य से जुड़ा बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हजारों वर्ष पहले ही स्वच्छता और सेवा का संदेश दिया था। भोजन कराने जितना पुण्य है, उससे अधिक पुण्य जूठी पत्तल उठाने में है। यह भी एक पवित्र कार्य है।
उन्होंने कहा कि सफाई मित्र केवल शहर की गंदगी दूर नहीं करते, बल्कि उसकी सेहत, सुंदरता और प्रतिष्ठा की रक्षा करते हैं। दीपावली पर महालक्ष्मी के साथ झाड़ू की पूजा और शीतला माता के हाथ में झाड़ू का होना भी स्वच्छता के महत्व को दर्शाता है।
कचरे से बिजली, फूलों से बन रही अगरबत्ती
मुख्यमंत्री ने उज्जैन में कचरा प्रबंधन के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि गीले कचरे से बिजली बनाई जा रही है। मंदिरों से निकलने वाले फूलों और पूजन सामग्री से स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अगरबत्ती, धूपबत्ती और गुलाल तैयार कर रही हैं। वहीं सूखे कचरे का उपयोग ईंधन के रूप में किया जा रहा है।
निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले मलबे के प्रसंस्करण के लिए 75 टन प्रतिदिन क्षमता का प्लांट विकसित किया जा रहा है। घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 40 नए सीएनजी वाहन आ चुके हैं, जबकि 40 अन्य वाहन जल्द उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सफाईकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ भी दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी मानकर इसमें सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
सफाई मित्रों की मेहनत को मिला सम्मान
समारोह में महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में पहला स्थान हासिल करना उज्जैन के लिए गौरव की बात है। नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि इस उपलब्धि को बनाए रखना शहर के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेशनाथ, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।


