भोपाल। MP राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत शपथपत्र में उनकी और उनके परिवार की करोड़ों रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है। हलफनामे के अनुसार चुघ परिवार के पास कुल मिलाकर करीब 22 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
शपथपत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक तरुण चुघ के नाम लगभग 3.83 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 4.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। वहीं उनकी पत्नी राधिका चुघ के पास करीब 7 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और लगभग 2.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। पारिवारिक फर्मों की संपत्तियां इस आंकड़े में शामिल नहीं हैं।
आयकर रिटर्न के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में तरुण चुघ ने 36.97 लाख रुपये की आय घोषित की है, जबकि उनकी पत्नी की आय 73.77 लाख रुपये बताई गई है। हलफनामे में परिवार की विभिन्न व्यावसायिक इकाइयों की आय का भी उल्लेख किया गया है।
दस्तावेजों के अनुसार तरुण चुघ पर 85.07 लाख रुपये और उनकी पत्नी पर करीब 4.89 करोड़ रुपये का ऋण बकाया है। उन्होंने अपने शपथपत्र में स्पष्ट किया है कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही किसी मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया है।
कई कंपनियों और संस्थानों में निवेश
हलफनामे के अनुसार तरुण चुघ के पास वर्ष 2019 मॉडल की इनोवा क्रिस्टा कार है, जिसकी अनुमानित कीमत 7.01 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में निवेश की जानकारी भी दी है। इनमें ओम कृपा एसोसिएट्स, पसोदा एलएलपी, विष्णु कृपा, इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल डेवलपमेंट, एचएसएल सिक्योरिटीज और केआरआरआईएसएच रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
परिवार के पास 890 ग्राम सोना
हलफनामे में परिवार के स्वर्ण आभूषणों का भी उल्लेख किया गया है। तरुण चुघ के पास 20 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत लगभग 2.95 लाख रुपये आंकी गई है। उनकी पत्नी के पास 210 ग्राम सोना है, जिसका मूल्य करीब 33.97 लाख रुपये बताया गया है। वहीं परिवार के एक आश्रित सदस्य के नाम 660 ग्राम सोना दर्ज है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इस प्रकार परिवार के पास कुल 890 ग्राम सोने के आभूषण हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो तरुण चुघ ने वर्ष 2012 में महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी, मेघालय से एमबीए की डिग्री प्राप्त की थी।


