भोपाल। मध्यप्रदेश में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार को नई उड़ान मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार, 9 अगस्त को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से चार नई फ्लाइट सेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता की सीधी हवाई सेवाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे।
नई उड़ानों से मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों की बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत से सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे यात्रियों के समय की बचत के साथ व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान किए।
MP में बनेंगे नए एयरपोर्ट, 5 नए एयरपोर्ट की मंजूरी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में नए एयरपोर्ट विकसित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य को पांच नए एयरपोर्ट की मंजूरी मिली है और आने वाले समय में हवाई सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार नई उड़ानों को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। इंदौर से अबू धाबी की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हो चुकी है, जबकि दो महीने बाद भोपाल से शारजाह की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू होने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवा भी शुरू की गई है। जहां हवाई पट्टी उपलब्ध है, वहां विमान और अन्य स्थानों पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से मरीजों को उपचार के लिए ले जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी का नेटवर्क और मजबूत होगा।
केंद्रीय मंत्री बोले- MP की एविएशन पॉलिसी देश में बेहतर
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने नई उड़ानों के शुभारंभ को मध्यप्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश के एविएशन सेक्टर में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है।
नायडू ने कहा कि सरकार की उड़ान योजना के तहत देश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ी है और टियर-2 तथा टियर-3 शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ने का काम तेजी से हुआ है। उन्होंने मध्यप्रदेश की नई एविएशन पॉलिसी की तारीफ करते हुए इसे देश की बेहतर नीतियों में शामिल बताया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में देश में एयरपोर्ट और विमानों की संख्या में और वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट बनने से संबंधित क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार पर व्यापक असर पड़ता है।
विंध्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन: राजेंद्र शुक्ल
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल-रीवा और रीवा-कोलकाता उड़ानों की शुरुआत को विंध्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, ऊर्जा और धार्मिक पर्यटन के लिहाज से समृद्ध है, लेकिन बेहतर एयर कनेक्टिविटी की कमी महसूस होती थी।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की नई एविएशन पॉलिसी से एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा। आज हवाई यात्रा लग्जरी नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुकी है। नई उड़ानों से व्यापार और पर्यटन को गति मिलेगी तथा आम लोगों के लिए भी हवाई यात्रा अधिक सुलभ होगी।
Alliance Air करेगी चारों उड़ानों का संचालन
इन चारों नई हवाई सेवाओं का संचालन Alliance Air द्वारा किया जाएगा। राज्य सरकार मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत इन उड़ानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर एयरलाइन कंपनी को अधिकतम 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दी जाएगी।
नई फ्लाइट से किन शहरों को फायदा
भोपाल-रीवा: राजधानी और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधी हवाई कनेक्टिविटी।
भोपाल-पटना: मध्यप्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ेगी।
रीवा-कोलकाता: विंध्य क्षेत्र का पूर्वी भारत से सीधा हवाई संपर्क।
जबलपुर-कोलकाता: महाकौशल क्षेत्र को कोलकाता से सीधी कनेक्टिविटी।


